विनय प्रताप सिंह ने संभाला निगमायुक्त का पदभार



  • अधिकारियों एवं निगम पार्षदों ने निगमायुक्त से की शिष्टाचार भेंट
  • अधिकारियों से ली नगर निगम की कार्यप्रणाली की जानकारी


गुरूग्राम, 31 दिसम्बर। वर्ष 2011 बैच के आईएएस अधिकारी विनय प्रताप सिंह ने मंगलवार को नगर निगम गुरूग्राम के आयुक्त का पदभार संभाल लिया। सरकार द्वारा उन्हें निगमायुक्त के अलावा श्रीमाता शीतला देवी पूजा स्थल बोर्ड गुरूग्राम के मुख्य प्रशासक की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नवागत निगमायुक्त श्री सिंह के लिए गुरूग्राम नया नहीं है। इससे पूर्व वे गुरूग्राम में अतिरिक्त उपायुक्त तथा जिला उपायुक्त की भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। निगमायुक्त का पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने सर्वप्रथम गुरूग्राम के नागरिकों को नववर्ष-2020 की बधाई दी तथा कहा कि नए साल में नगर निगम गुरूग्राम द्वारा कई बेहतरीन कार्य किए जाएंगे। नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिलें तथा हमारा शहर स्वच्छ, सुंदर एवं बेहतरीन बने इसके लिए हर संभव कार्य किए जाएंगे। निगमायुक्त ने सैक्टर-34 स्थित नगर निगम कार्यालय का भी दौरा किया।

मंगलवार को उन्होंने नगर निगम गुरूग्राम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शिष्टाचार भेंट की तथा नगर निगम की कार्यप्रणाली आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की। एडीशनल म्यूनिसिपल कमिशनर वाईएस गुप्ता ने निगमायुक्त को एनजीटी सहित अन्य न्यायालयों में चल रहे केसों की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने प्रोपर्टी टैक्स, डायग्नोस्टिक लैब, व्यापार सदन में प्रस्तावित निगम कार्यालय भवन, नियमित हुई कॉलोनियों में विकास शुल्क वसूली, बैंक्वेट हॉल/मैरीज पैलेस एवं मोबाइल टावर, आयुध डिपो के प्रतिबंधित क्षेत्र के मुद्दों, मल्टीलेवल पार्किंग, पार्कों में डि-सैंट्रलाईज्ड एसटीपी, सीएंडडी और ठोस कचरा प्रबंधन प्रणाली, फायर एनओसी, सफाई व्यवस्था, डोर-टू-डोर कचरा उठान, बेसहारा एवं आवारा पशुओं की समस्या सहित अन्य बिन्दुओं पर निगमायुक्त को अवगत करवाया। निगमायुक्त ने कहा कि सैक्टर-39 में बन रही डायग्नोस्टिक लैब में आने वाले लोगों के लिए प्रतीक्षालय में बैठने की जगह को बढ़ाएं। इसके साथ ही नियमित हुई कॉलोनियों में विकास शुल्क की वसूली के लिए विशेष कैंप लगाए जाएं। इसके अलावा, उन्होंने तहसील कार्यालयों में स्थित प्रोपर्टी टैक्स काऊंटरों पर विकास शुल्क भी जमा करवाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इस मौके पर अतिरिक्त निगमायुक्त सुरेन्द्र सिंह, एडीशनल म्यूनिसिपल कमिशनर वाईएस गुप्ता, संयुक्त निगमायुक्त मुकेश सोलंकी, संजीव सिंगला, हरीओम अत्री एवं इन्द्रजीत कुल्हडिय़ा, चीफ इंजीनियर रमन शर्मा एवं एनडी वशिष्ठ, एसई सत्यवान शर्मा, चीफ टाऊन प्लानर आरके सिंह, एसटीपी संजीव मान सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

इस मौके पर निगम पार्षदों एवं शहर के गणमान्य व्यक्तियों ने निगमायुक्त का स्वागत किया। निगमायुक्त ने भरोसा दिलाया कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जाएगा। नगर निगम पार्षद रविन्द्र यादव, अश्विनी शर्मा, संजय प्रधान एवं दिनेश सैनी, भाजपा नेता अनिल यादव, राकेश यादव, नीरज यादव, उदयवीर अंजना ने निगमायुक्त का बुके भेंटकर स्वागत किया।

Post a Comment

0 Comments