फरीदाबाद:दुष्यंत त्यागी: अरावली की पथरीली भूमि में कला किस प्रकार अपने सतरंगी रंग बिखेर रही है, इसका आनंद लेने के लिए आपको सूरजकुंड की धरती पर आना ही होगा। यहां पंजाब, हरियाणा ही नहीं अपितु देश-विदेश के कलाकार अपनी मस्ती भरे संगीत और नृत्य से पर्यटकों का मन लुभा रहे हैं।
कजाकिस्तान की युवती सैयदा ने लैला मजनूं के किस्से से लैला की प्रेम भावना को दर्शाते हुए मनमोहक नजानी डांस पेश किया। हरियाणा के मोंटी शर्मा व साथी कलाकारों ने-भांग रगड़ कै पिया करूं, मैं कंडी सोटे आला सूं..रागनी पर अपने मस्त लोकनृत्य से दर्शकों को भी नाचने पर मजबूर कर दिया। तंजानिया के लोक कलाकारों ने लंबे समय के बाद अपने मित्र-परिजनों से मिलने की खुशी में किए जाने वाले संगरूरा डांस को पूरी मस्ती से किया। इसे देख दर्शक दीर्घा में बैठे लोग नाच उठे। पंजाब पुलिस के कलाकारों ने मस्त अली और हरविंदर कौर के साथ गीत और नृत्य का सिलसिला शुरू किया तो दर्शकों की बार-बार मांग पर रूकने का नाम ही नहीं लिया। कदे साड्डïी गली मिलनै भी आया करो जी..काला शा काला मेरा काला है सरदार, मेरा ढोल जवानियां मारै आदि गीतों पर दर्शक और विदेशी कलाकार तक मंच पर नाचने जा पहुंचे। आज चौपाल पर कश्मीर की रूबीना ने अपनी साथी कलाकारों के साथ बुमरो-बुमरो श्याम रंग बुमरो गीत पर नृत्य की प्रस्तुति दी। वियतनाम के कलाकारों ने भी अपनी लोक नृत्यशैली से दर्शकों का मन मोह लिया।
0 Comments