गुरूग्राम मैराथन-2020 पूर्णतया ईको फ्रेंडली होगी

गुरूग्राम मैराथन-2020 पूर्णतया ईको फ्रेंडली होगी

योगेश जांगडा:गुरूग्राम: 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली गुरूग्राम मैराथन-2020 पूर्णतया ईको फ्रेंडली होगी जिसमें प्लास्टिक निर्मित सामान का प्रयोग नही किया जाएगा और पर्यावरण संरक्षण के पहलुओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा। 

इस बारे में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रधान सचिव ओ पी सिंह ने बताया कि गुरूग्राम मैराथन-2020 में प्रबंधों में सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नही होगा। इस बारे में आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों तथा वालंटियरों को निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस मैराथन के लिए निर्धारित स्थल साइबर हब है, उस स्थान पर जितनी भी प्रचार सामग्री होगी वह भी इको फ्रेंडली बायोडीग्रेडेबल होगी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एक महत्वपूर्ण विषय है जिसका सीधा हमारे स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़ता है, इसलिए जरूरी है कि हम पर्यावरण संरक्षण के लिए भी एकजुटता से प्रयास करें और इस महिला विशेष मैराथन से गुरूग्राम में यह संदेश भी जाए कि अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में हमें सिंगल यूज प्लास्टिक का त्याग करना है।

गुरूग्राम मैराथन में अधिक से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आज जिला के कई स्थानों पर प्रमोशनल रन आयोजित किए गए जिनमें से डीएलएफ फेज-2 में आयोजित रन में अधिकारियों के साथ श्री ओ पी सिंह स्वयं दौड़े। इस दौड़ में उनके साथ कई वरिष्ठ अधिकारियों, महिला पुलिसकर्मियों तथा अन्य संगठनों की महिलाओं ने प्रमोशनल रन के तहत दौड़ लगाई। कई महिलाएं पहली बार दौड़ी और उन्होंने दौड़ को अपनी दिनचर्या मे शामिल करने का संकल्प भी लिया। श्री सिंह ने कहा कि प्रमोशनल रन करवाने का उद्ेदश्य महिलाओं को इस मैराथन से अधिक से अधिक जोड़ना है और उन्हें 8 मार्च को होने वाली मैराथन के लिए तैयार करना है।

उन्होंने कहा कि जिला में महिलाओं का मैराथन को लेकर क्रेज का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसके लिए हो रहे रजिस्ट्रैशन का आंकड़ा अब 80 हजार के करीब पहुंच चुका है। श्री सिंह ने प्रमोशनल रन में भाग लेने वाली महिलाओं से भी महिला मैराथन को लेकर फीडबैक लिया। महिलाओ ने राज्य सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए इसे ऐतिहासिक कदम बताया और कहा कि यह आयोजन अब गुरूग्राम का आयोजन बन चुका है। इन महिलाओं ने दावा किया कि गुरूग्राम में पानीपत मैराथन से ज्यादा महिलाओं की भागीदारी होगी और मिलेनियम सिटी गुरूग्राम इस मामले में टैक्सटाइल सिटी पानीपत का ना केवल रिकाॅर्ड तोड़ेगी बल्कि यह मैराथन विश्व की केवल महिलाओं की सबसे बड़ी मैराथन साबित होगी।

समाचार लिखे जाने तक इस मैराथन के लिए सबसे अधिक 52072 रजिस्ट्रैशन  18 से 35 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं ने किया है। इसी प्रकार, 13 से 18 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियों ने 13068 रजिस्ट्रैशन किए हैं जबकि 35 से 50 आयु वर्ग के बीच 9132 से अधिक रजिस्ट्रैशन हुए हैं और 50 वर्ष से उपर की 1100 से अधिक महिलाओं ने रजिस्ट्रैशन किया हैं। दौड़ की दूरी के अनुसार अंाकड़े देते हुए श्री सिंह ने बताया कि 5 किलोमीटर श्रेणी में अब तक 42000 , 10 किलोमीटर श्रेणी में 22407 , 21 किलोमीटर श्रेणी में 8679 तथा 42.2 किलोमीटर 3150 से अधिक हुए हैं। इस मैराथन में सबसे अधिक रजिस्ट्रैशन छात्राओं द्वारा किए गए हैं जिसमें 20037 छात्राएं शामिल हैं।

Post a Comment

0 Comments