श्रीराम मन्दिर के भूमिपूजन समारोह में मुख्य आचार्य के रूप में पूजा कराने वाले प. गंगाधर पाठक का ब्राह्मण सेवा संघ के तत्वावधान में भव्य अभिनन्दन किया गया।



वृन्दावन। अयोध्या में भगवान श्रीराम के नव मन्दिर के भूमिपूजन एवं शिलान्यास समारोह में मुख्य आचार्य के रूप में वैदिक विधि विधान से पूजा कराने वाले प. गंगाधर पाठक का आज ब्राह्मण सेवा संघ के तत्वावधान में दिव्य भव्य अभिनन्दन किया गया।
 

स्थानीय गोधुलीपुरम स्थित श्रीहरिदास धाम में प. चन्द्रलाल शर्मा की अध्यक्षता में हुए अभिनन्दन समारोह में वामन भगवान के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के पश्चात सेवासंघ के सदस्यों द्वारा वेद मन्त्रों की पवित्र ध्वनि के मध्य प. गंगाधर पाठक का पुष्पाभिषेक करके माल्यार्पण तथा शॉल उढ़ाकर अभिनन्दन किया गया।

इस अवसर पर प. गंगाधर पाठक ने कहा कि ब्राह्मण सेवा संघ परिवार का सदस्य होना गौरव की बात है। भगवान श्रीराम की कृपा से ही इस अद्वितीय पूजन का आचार्य पद तथा प्रधानमंत्री मोदीजी जैसे यजमान प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि यजमान के रूप में मोदी जी से दक्षिणा के रूप में सम्पूर्ण भारतवर्ष से गौहत्या समाप्ति तथा मथुरा एवं काशी के मंदिरों को मुक्त कराने की पूर्ण आशा व्यक्त करता हूँ।

अध्यक्ष आचार्य आनन्दवल्लभ गोस्वामी ने कहा कि पूज्य प. गंगाधर पाठक ब्राह्मण सेवा संघ के यशस्वी  संरक्षक हैं। आपने संघ ही नहीं अपितु सम्पूर्ण ब्रजमंडल विशेषकर वृन्दावन के गौरव को श्रीवृद्धि प्रदान की है।

प. चन्द्रलाल शर्मा एवं प. सत्यभान शर्मा ने कहा कि राममन्दिर निर्माण की आधार शिला समारोह में श्रीपाठक के आचार्य बनने से ब्रज मण्डल को अद्भुत प्रतिनिधित्व प्राप्त हुआ है।

प. जगदीश नीलम एवं विमल चैतन्य ब्रह्मचारी ने कहा कि आज ब्राह्मण सेवा संघ श्रीगंगाधर पाठक को प्राप्त हुए वैश्विक सम्मान से अभिभूत और गौरवान्वित अनुभव कर रहा है।
 

इस अवसर पर श्रीकृष्ण चंद्र गौतम, महेशबाबा, अशोक अज्ञ, प्रियाशरण भक्तमाली, जानकी शरण, रमाकांत शुक्ला, जगदीश शास्त्री, सर्वेश तिवारी, श्रुतिधर पाठक, सुमित गौतम, अविनाश शर्मा आदि उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments