लक्ष्मण विहार में सुविधाएं दिलाने के होंगे सकारात्मक प्रयास: नवीन गोयल

 लक्ष्मण विहार में सुविधाएं दिलाने के होंगे सकारात्मक प्रयास: नवीन गोयल

-लक्ष्मण विहार में पहुंचे नवीन गोयल का हुआ भव्य स्वागत



गुरुग्राम। शहर के लक्ष्मण विहार में लोगों के निमंत्रण पर पहुंचे पर्यावरण संरक्षण विभाग भाजपा हरियाणा प्रमुख नवीन गोयल के समक्ष क्षेत्रवासियों ने तीन सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी। जिनका समर्थन करते हुए नवीन गोयल ने इन सुविधाओं के लिए सकारात्मक प्रयास करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर भाजपा दयानंद मंडल के पूर्व मंत्री एवं क्षत्रिय राजपूत सभा के अध्यक्ष एवं राजपूत महासभा के संगठन सचिव ठाकुर संतोष कुमार छोकर समेत अन्य लोगों ने नवीन गोयल और उनके साथ भाजयुमो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गगन गोयल का राजपुताना पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।  

इस अवसर पर अपने संबोधन में नवीन गोयल के समक्ष क्षेत्र के लोगों ने मांग रखी कि लक्ष्मण विहार में कोई कम्युनिटी सेंटर नहीं है। गरीब लोगों को अपने बच्चों की शादियां व अन्य कार्यक्रम करने में बहुत परेशानी होती है। इसलिए यहां पर कम्युनिटी सेंटर बनवाया जाएगा। इसके अलावा यहां की डिस्पेंसरी छोटी है, उसका विस्तार कराया जाए। साथ ही क्षेत्र में सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए जाएं। इन तीनों मांगों का समर्थन करते हुए नवीन गोयल ने इनके लिए जल्द ही नगर निगम के अधिकारियों से मिलकर काम करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनता को हर सुविधाएं देना सरकार का कर्तव्य है। सरकार अपने कर्तव्य पर खरा उतर रही है। गुरुग्राम पर सीधे मुख्यमंत्री मनोहर लाल नजर रखते हैं। यहां पर हर तरह की सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनके एजेंडे में है। नवीन गोयल ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह द्वारा अपने कोर्ट से कराए जा रहे कार्यों को भी सांझा किया। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम का बड़े स्तर पर विकास हो रहा है। हम सबको मजबूती के साथ सरकार और भारतीय जनता पार्टी का साथ देना है, ताकि भविष्य में भी यहां विकास के कार्यों का पहिया घूमता रहे। इस अवसर पर ठाकुर संतोष कुमार छोकर के अलावा ईश्वर सिंह तंवर, मुकेश छोकर, प्रदीप चौहान, सूबेदार रमेश कुमार राघव, बबीता गुप्ता, कमला छोकर, निशा देवी, सरिता देवी समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments