अधिक से अधिक पौधारोपण करके बनें पर्यावरण प्रेमी: नवीन गोयल




-पौधारोपण करने के लिए अनुकूल है मौसम

गुरुग्राम। सेक्टर-49 स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर में हिल दा गलो फाउंडेशन की ओर से पर्यावरण में सुधार की दिशा में कदम बढ़ाते हुए पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण विभाग भ्राजपा हरियाणा प्रमुख नवीन गोयल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने यहां पौधारोपण करके अभियान की शुरुआत की।

इस अवसर पर बच्चों, शिक्षकों, संस्था के सदस्यों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए नवीन गोयल ने कहा कि संस्था का यह अच्छा प्रयास है। इस तरह के कार्यों में हर किसी को अपना योगदान देना चाहिए। हमें यह नहीं भूलना चाहिए पर्यावरण को प्रदूषित करने में हम सबकी किसी न किसी रूप में भूमिका होती है। इसलिए इसमें सुधार के लिए भी हमारी भूमिका होनी जरूरी है। उन्होंने सभी से कहा कि वे अधिक से अधिक पौधारोपण करके पर्यावरण प्रेमी बनें। स्वच्छ पर्यावरण अजन्में बच्चे से लेकर उम्रदराज व्यक्ति के लिए जरूरी है। अगर हम आज इस विषय के प्रति गंभीर होंगे तो हमारी आने वाली पीढिय़ों को इसका लाभ ज्यादा मिलेगा। पेड़ों को संख्या के हिसाब से नहीं, असंख्य लगाएं, तभी हम अपने मिशन स्वच्छ पर्यावरण में कामयाब हो सकते हैं। मॉनसून चल रहा है। बरसात भी हो रही है। पौधारोपण के लिए यह समय अनुकूल है। अब लगाए गए हुए पौधों में प्राकृ़तिक स्रोतों से पानी जाएगा और वे लग जाएंगे। प्राकृतिक संसाधनों के माध्यम से किए गए प्रयास सार्थक होंगे और उनका परिणाम अच्छा आएगा। श्री गोयल ने कहा कि हर सोसायटी, हर कालोनी, हर सड़क किनारे पेड़ लगाएं, ताकि उनसे आमजन को लाभ मिल सके।

 गुरुग्राम में पर्यावरण प्रदूषण से हम सब वाकिफ हैं। चाहे कोरोना काल हो या फिर साल के अंत का समय। उस दौरान प्रदूषण व्यापक स्तर पर रहता है। बीमारों की हालत खराब हो जाती है। प्रदूषण से हम सब प्रभावित होते हैं। हवा में जहर की तरह प्रदूषण होता है। हम चाहकर भी नहीं बच सकते। इसलिए अब हमें जागना होगा। पर्यावरण बचाने के लिए सबसे सरल माध्यम पौधारोपण ही है और यही कारगर है। इस मौके पर प्रिंसिपल रमेश गर्ग, रतनलाल गुप्ता, सुल्तान वाल्मीकि, प्रवीण अग्रवाल, रवि शर्मा, रजनीश राठी, विजय वर्मा समेत काफी लोग मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments