देश हित के कार्यक्रमों को उत्सव की तरह लें कार्यकर्ता: ओम प्रकाश धनखड़

 देश हित के कार्यक्रमों को उत्सव की तरह लें कार्यकर्ता: ओम प्रकाश धनखड़

- प्रदेश अध्यक्ष ने नगर निगम और पंचायत चुनाव में 55 प्रतिशत वोट प्राप्त करने का दिया लक्ष्य
- अधिक से अधिक वोट प्राप्त करने के लिए वोटर लिस्ट संभालना शुरू करें कार्यकर्ता: धनखड़
- हर घर तिरंगा अभियान में सभी को जोड़ें भाजपा कार्यकर्ता: धनखड़



गुरुग्राम 3 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने गुरुग्राम में शक्ति केंद्र प्रमुखों की कार्यशाला में कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का पहला उद्देश्य देश हित और जनहित होना चाहिए। धनखड़ ने यहां हर घर तिरंगा अभियान के संबंध में चर्चा करते हुए कहा कि कार्यकर्ता देश हित के कार्यक्रमों को उत्सव की तरह लें। प्रदेश अध्यक्ष ने हर घर तिरंगा अभियान को भी देश के लिए एक उत्सव बताया। गुरुकमल कार्यालय में आयोजित इस कार्यशाला में बुधवार को शक्ति केंद्र व्यवस्था, हर घर तिरंगा, प्रदेश एवं केंद्र सरकार की उपलब्धियां और पंचायत चुनाव विषय पर मंथन हुआ। प्रदेश अध्यक्ष ने आगामी चुनाव की सरंचना पर चर्चा करते हुए नगर निगम और पंचायत चुनाव में 55 प्रतिशत वोट प्राप्त करने का लक्ष्य भी उपस्थित शक्ति केंद्र प्रमुखों को दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़ ने की। पलवल के विधायक दीपक मंगला ने हर घर तिरंगा अभियान के विषय में पार्टी द्वारा तैयार योजना की जानकारी दूसरे सत्र में सभी के सामने रखी। इस सत्र की अध्यक्षता सूरजपाल अम्मू ने की। 

पूर्व डिप्टी स्पीकर संतोष यादव ने प्रदेश एवं केंद्र सरकार की उपलब्धियां कार्यकर्ताओं को बताई। जबकि चौथे और अंतिम सत्र में प्रदेश सचिव समय सिंह भाटी ने पंचायत चुनाव पर चर्चा की। इस सत्र की अध्यक्षता प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मनीष यादव ने की। 

उद्घाटन सत्र में प्रदेश अध्यक्ष ने हर घर तिरंगा फहराने की पार्टी की सरंचना बताते हुए कहा कि हमें झंडा वंदन से राष्ट्र वंदन का मौका मिला है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने घर पर तिरंगा झंडा फहरा कर देश के प्रति समपर्ण का संकल्प लेना चाहिए और अन्य लोगों को इस तिरंगा उत्सव में सम्मिलत होने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि हरियाणा में भाजपा ने 10 लाख घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य लिया है। धनखड़ के अनुसार कार्यकर्ताओं को हर बूथ पर 50 झंडे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 13, 14 और 15 अगस्त को जब हर घर की छत पर तिरंगा लहराता दिखाई देगा तो पूरे देश में राष्ट्रभक्ति का नया संचार हो रहा होगा। धनखड़ ने उपस्थित सभी शक्ति केंद्र प्रमुखों को हर घर तिरंगा अभियान को गंभीरता से लेकर इसको सफल बनाने के काम में जुट जाने को कहा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए महाउत्सव है। 
श्री धनखड़ ने कार्यकर्ताओं से कहा कि देश के लिए हमें अपना सर्वश्रेष्ठ देना है, लेकिन हमें दूसरों का सर्वश्रेष्ठ निकालने की तकनीक भी आनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री खुद तो देश को अपना सर्वश्रेष्ठ देते ही हैं लेकिन उनमें करोडों़ लोगों का नेतृत्व करने की क्षमता भी है। उन्होंने कहा कि सीखने की ललक को छोड़े नहीं, बल्कि लगातार सीखने की प्रक्रिया जारी रखें, सीखने की प्रवृति ही प्रशिक्षण है। 

 चुनाव प्रबंधन पर चर्चा करते हुए धनखड़ ने कहा कि हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण काम बूथ जीतना है। बूथ जीतने के लिए हमें वोट प्रबंधन पर ध्यान देना होगा। बूथ पर 55 प्रतिशत से ज्यादा वोट प्राप्त करने का टारगेंट रखें। ज्यादा से ज्यादा लोगों को संगठन से जोड़ें। सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ लोगों का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों को लेकर वे लोगों तक जाएं और उनका लाभ दिलाएं। हमारे लिए देश पहले है और पार्टी बाद में। आने वाले पंचायत और नगर निगम के चुनावों पर बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ता वोटर लिस्ट को संभालना शुरू कर दें। चुनाव के प्रति लोगों में जोश भरें ताकि वे ज्यादा से ज्यादा पार्टी के लिए वोट करें। 

श्री धनखड़ ने कहा कि भाजपा सरकार ने तीन सबसे बड़े काम किए हैं जिनसे महिलाओं को लाभ हुआ है। केंद्र की मोदी सरकार ने शौचालय, उज्जवला योजना और हर घर पानी देकर महिलाओं को हर रोज होने वाली परेशानियों से छुटकारा दिलाया है। इससे महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए सेवा ही संगठन है, चुनाव तो कुछ दिन रहते हैं फिर चले जाते हैं, इसलिए कार्यकर्ता लगातार जनता के संपर्क में रहकर उनका सहयोग जारी रखें।
विभाजन विभीषिका पर चर्चा करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश के विभाजन की त्रासदी बहुत बड़ी त्रासदी थी। कांग्रेस ने कहा था हमारी लाशों पर बंटावारा होगा। कांग्रेस कुछ नहीं कर पाई और उस समय डेढ़ करोड़ लोग शरणार्थी हो गए और 3 लाख 27 हजार लोगों ने अपने प्राण गंवा दिए। इस त्रासदी को हमें भूलना नहीं चाहिए। अगर हम बूरे दिनों को याद रखेंगे तो भविष्य की तैयारियां कर सकेंगे। 


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने गांव ढाणा में पहुंचकर शहीद संदीप को किया सैल्यूट 
हर घर तिरंगा अभियान के तहत मानेसर में तिरंगा सम्मान एवं शहीद सम्मान कार्यक्रम हुआ। इस सम्मान समारोह में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ भी पहुंचे। ओम प्रकाश धनखड़ ने गांव ढ़ांणा में तिरंगा झंडा फहराया और कहा कि भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता तिरंगे की शान और देश के सम्मान के काम में जुटा है।  गांव ढ़ांणा में अमर शहीद संदीप कुमार की 17 वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि एवं शहीद परिवारों का सम्मान समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए धनखड़ ने कहा कि शहीदों की जन्मस्थली हरियाणा की वीरभूमि को यह मान प्राप्त है कि उसने अपने असंख्य लाल देश की बलिवेदी पर कुर्बान किए हैं। शहीदों के अमिट बलिदानों का कर्ज नहीं चुकाया जा सकता। अगर यह न होते तो देश सुरक्षित नहीं रह सकता। उन्होंने कहा कि जो देश व कौमें अपने शहीदों को भुला देते हैं, उनका अस्तित्व समाप्त हो जाता है। धनखड़ ने यहां शहदी संदीप कुमार की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें सैल्यूट किया। यहां धनखड़ ने भावुक होकर शहीद परिवार से कहा कि खुद को अकेला न समझें। सरकार व भाजपा के समस्त कार्यकर्ता चट्टान की तरह उनके साथ खड़े हैं। इस कार्यक्रम में भाजपा नेता महेश चौहान सहित अनेक पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments