उत्तर प्रदेश राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित हुई कविता सिंह

 उत्तर प्रदेश राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित हुई कविता सिंह 


रिपोर्ट :- सचिन त्यागी 


यूपी में बागपत का नाम रोशन करने वाली अध्यापिका कविता सिंह को जिलाधिकारी ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया है। कविता सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य शिक्षक पुरस्कार अवार्ड मिला है। उनको यह अवार्ड शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश में सबसे अच्छा कार्य करने पर दिया गया है। 

बागपत जिले के बिनौली स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर एक में सहायक अध्यापक पद से अपनी जिम्मेदारी निभाने वाली कविता सिंह को वर्ष 2016 में प्रधानाध्यापक पद पर पदोन्नति हुई। उस समय उनके विद्यालय में 172 बच्चे पंजीकृत थे। लेकिन उनकी मेहनत और लगन, और स्टाफ के सहयोग से आज विद्यालय में 354 बच्चे अध्ययन कर रहे है। कविता सिंह ने अपने विद्यालय में बिजली, पानी व फर्नीचर की व्यवस्था ठीक करने के साथ -साथ ही शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार किया। निजी व्यय से स्मार्ट क्लास शुरू कराई तथा कंप्यूटर भी लगवाया। बच्चों को सिलाई कढ़ाई, आर्ट क्राफ्ट, ब्यूटीशियन, मेंहदी आदि का प्रशिक्षण दिलाया। आत्मरक्षा के लिए जुडो कराटे व पपेट द्वारा नाट्य कला सिखाई।

हर बार मिला पुरस्कार बढता गया हांैसला 

कविता सिंह जितना मेहनत बच्चों पर करती थी उनका ही हौसला उनको सरकार से भी मिलता था। उनकी मेहनत का ही नतीजा था कि उनको राज्य सरकार से कई बार पुरस्कार मिले। कविता को राज्य शैक्षिक अनुसंधान परिषद लखनऊ द्वारा नाट्य प्रतियोगिता में पुरस्कार, उत्कृष्ट विद्यालय पुरस्कार तथा चतुर्थ आदर्श पाठ योजना पुरस्कार भी मिल चुके हैं। इसके अलावा उन्हें तीन बार आईसीटी में जनपद में प्रथम स्थान मिल चुका है। वे इस समय बालिका शिक्षा व थियेटर पपेट को बढ़ावा देने के लिए राज्य स्तरीय संदर्भदाता भी हैं। 

उत्तर प्रदेश राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित 

शिक्षक दिवस के मौके पर कविता सिंह को उत्तरप्रदेश राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उनको यह सम्मान सोमवार को जिलाधिकारी राजकमल यादव बागपत ने अपने कार्यालय में दिया और शुभकामनाए दी है।



Post a Comment

0 Comments