देश को एक सूत्र में बांध रही कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा: सुधीर चौधरी

 देश को एक सूत्र में बांध रही कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा: सुधीर चौधरी

यात्रा 21 दिसंबर को राजस्थान से  हरियाणा में करेगी प्रवेश, होगा अभूतपूर्व स्वागत



गुरुग्राम: वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुधीर चौधरी ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में देशभर में चलाई जा रही भारत जोड़ो यात्रा 21 दिसंबर को राजस्थान से हरियाणा के मेवात जिला में प्रवेश करेगी और 22 दिसंबर को गुरुग्राम के सोहना में पहुंचेगी। इस लोकतांत्रिक उत्सव पर सोहना के अंबेडकर चौक पर एक सभा का आयोजन कर यात्रा का अभूतपूर्व स्वागत किया जाएगा। सुधीर चौधरी ने कहा कि हरियाणा में यह यात्रा ऐतिहासिक साबित होगी और यात्रा के माध्यम से प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का आगाज होगा। उन्होंने कहा कि यात्रा की तैयारी के लिए सोहना में कार्यकर्ताओं की बैठकों का दौर जारी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस के प्रदेश अध्य्क्ष चौधरी उदयभान सहित कांग्रेस के शीर्ष नेता स्वयं यात्रा के स्वागत की तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में काफी जोश है। सुधीर चौधरी ने कहा कि एक तरफ जहां भाजपा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सामाजिक एकजुटता के विचारों से हटकर नाथूराम गोडसे के विचारों को लेकर देश को बांटने का काम कर रही है। वहीं हमारे नेता राहुल गांधी देश को एक सूत्र में बांधने के लिए यात्रा के माध्यम से लोगों को संदेश दे रहे हैं। सुधीर चौधरी ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से त्रस्त हो चुकी जनता अब कांग्रेस की तरफ आशावादी निगाहों से देख रही है। देश प्रदेश में परिवर्तन की बयार चल रही है। हरियाणा के अंदर लोग बदलाव चाहते है, क्योंकि सरकार की नीतियों से आजिज आ चुके हैं। हरियाणा के युवा बेरोजगार होकर सड़कों पर घूम रहे हैं। देश की अर्थव्यवस्था चौपट होने के कारण लोगों पर महंगाई की दोहरी मार पड़ रही है। सरकार किसानों के हितों से खिलवाड़ कर रही है। आज अन्नदाता सरकारी व्यवस्था की बदहाली को लेकर सड़कों पर हैं। किसानों को खाद बीज भी समय पर नहीं मिल पा रहा है। 

किसानों के नुकसान का मुआवजा देने से भी सरकार मुकर रही है। हरियाणा विकास की पटरी से पूरी तरह से उतर गया है। बीजेपी- जेजेपी गठबंधन की सरकार ने आज हरियाणा को मंहगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार में देश में पहले नंबर पर पहुंचा दिया है, इसलिए लोग हरियाणा में बदलाव का इंतजार कर रहे हैं। सुधीर चौधरी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का मकसद गरीब, किसान, कर्मचारी और युवाओं को  सशक्त करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पहले चरण की भारत जोड़ो यात्रा तीन दिन हरियाणा के मेवात और सोहना में रहेगी। इस दौरान कई स्थानों पर सभाएं भी आयोजित की जाएंगी। उसके बाद यह यात्रा 23 दिसंबर को फरीदाबाद के रास्ते बदरपुर बॉर्डर होते हुए दिल्ली में प्रवेश करेगी। सुधीर चौधरी ने पार्टी के कार्यकर्ताओं और आम जनता से आग्रह किया कि यात्रा को लेकर मेवात और सोहना में आयोजित कार्यक्रमों में अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में अपना सहयोग करें और यात्रा को सफल बनाएं।

Post a Comment

0 Comments