भ्रष्टाचार से त्रस्त, बदलाव चाहती है गुरुग्राम की जनता : पंकज गुप्ता
40 वार्डों से और मेयर पद के लिए मजबूत उम्मीदवार उतारेगी आम आदमी पार्टी : डॉ. सुशील गुप्ता
गुरुग्राम से करेंगे हरियाणा में व्यवस्था परिवर्तन की शुरुआत : डॉ. सुशील गुप्ता
निगम में जनता की कोई सुनवाई नहीं, 1266 शिकायतें चल रहीं पेंडिंग : अनुराग ढांडा
आम आदमी पार्टी ने संदीप सिंह मामले में विपक्ष को जगाने का काम किया : अनुराग ढांडा
गुरुग्राम में इस बार आम आदमी पार्टी से होगा निगम मेयर : डॉ. अशोक तंवर
गुरुग्राम, 21 फरवरी
गुरुग्राम और फरीदाबाद निगम भ्रष्टाचार के गढ़ बन गए हैं। आम जनता की कोई भी सुनवाई नहीं हो रही है। ये बात आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता ने कही। वे गुरुग्राम के जिला कार्यालय में मंगलवार को पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे। उनके साथ गुरुग्राम निगम चुनाव प्रभारी डॉ. सुशील गुप्ता, वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा, डॉ. अशोक तंवर और निर्मल चौधरी भी मौजूद रहे। राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता ने कहा कि गुरुग्राम की जनता शहर की बदहाली और गुरुग्राम के भ्रष्टाचार से त्रस्त है और बदलाव चाहती है। वहीं उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव टालना तो बीजेपी की आदत बन गए हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी पिछले एक साल से जनता के बीच है। गुरुग्राम में अगला मेयर आम आदमी पार्टी से होगा।
गुरुग्राम निगम चुनावों के प्रभारी और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी निगम चुनावों के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पहले दिल्ली और फिर पंजाब में व्यवस्था परिवर्तन का काम किया है। अब हरियाणा की जनता व्यवस्था परिवर्तन चाहती है। इसकी शुरुआत गुरुग्राम निगम से होगी। सभी 40 वार्डों से और मेयर पद पर मजबूत उम्मीदवारों का चुनाव आम आदमी पार्टी करेगी। इसके लिए 15 मार्च तक सभी 40 वार्डों में बैठक करने के बाद वार्ड, मोहल्ला और बूथ वाइज टीम का गठन करेंगे।
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम के प्राइवेट अस्पताल में सीएम तो इलाज करवाने आते हैं, पर गुरुग्राम की जनता के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधा नहीं है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधा, निगम के भ्रष्टाचार का खात्मा, बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा, बेहतर पानी और बिजली के साथ पूरे शहर की सीवरेज व्यवस्था सुधारने का काम करेगी।
वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि गुरुग्राम नगर निगम की 1266 शिकायतें पेंडिंग चल रही हैं। ये सभी शिकायतें गंभीर हैं। कहीं किसी कॉलोनी में पानी की दिक्कत है। कहीं किसी कॉलोनी में सीवर की दिक्कत है। कुछ शिकायतें भ्रष्टाचार से संबंधित हैं।
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम नगर निगम में अफसरशाही चल रही है। पिछले एक साल से निगम में जनता के चुने हुए प्रतिनिधि नहीं है। जनता की सुनवाई चुने हुए प्रतिनिधि करते हैं। सरकार एक सुनियोजित तरीके से चुनाव नहीं करवाना चाहती। सफाई कर्मचारियों ने निगम के पे रोल को लेकर हड़ताल कर रखी है। अफसर न निगम के सफाई कर्मियों की सुन रहे हैं और न ही जनता की शिकायतों की तरफ ध्यान है।
अनुराग ढांडा ने कहा कि आम आदमी पार्टी विपक्ष को जगाने का काम भी कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मंत्री संदीप सिंह के मामले में आम आदमी पार्टी ने सड़कों पर संघर्ष किया। उससे कांग्रेस पार्टी को भी ये मुद्दा विधानसभा में उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
वरिष्ठ नेता अशोक तंवर ने कहा कि गुरुग्राम सिटी आज सिर्फ नाम की ही मिलेनियम सिटी है, पूरे शहर की जनता असुविधाओं का सामना कर रही है। निगम में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी मजबूती से निगमn चुनाव लड़ेगी। गुरुग्राम में इस बार मेयर आम आदमी पार्टी से होगा। आम आदमी पार्टी गुरुग्राम से शुरुआत कर पूरे प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन करने का काम करेगी।
इस मौके पर आम आदमी पार्टी नेता मुकेश डागर कोच, पार्षद नवीन दहिया, डॉ. श्यामलाल, राजीव यादव, मीनू सिंह, वीरू सरपंच, मंजीत जैलदार, मुकेश वर्मा, डॉ. सारिका वर्मा, राजबाला, अनुराधा शर्मा, सुशीला कटारिया, मुकेश पवन चौधरी, पवन यादव और धीरज यादव , मनीष मक्कड़ प्रताप कदम मुख्य रूप से मौजूद रहे।
0 Comments