थाईलैंड में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे ईनाम उल हसन।
बागपत। जिले के निवाड़ा गांव के ईनाम उल हसन ने एक बार फिर बागपत का नाम रोशन किया है। मंगलवार को निवाड़ा के ईनाम उल हसन को न्यूयॉर्क स्थित यूनाइटेड नेशन्स के डिप्लोमेटिक ऑर्गेनाइजेशन ने बेस्ट डिप्लोमेट्स कार्यक्रम हेतु थाईलैंड और बैंकॉक से आमंत्रित किया गया जहां वो थाईलैंड में देश का प्रतिनिधित्व कर गौरव बढ़ाएंगे।
पूर्व में उन्होंने संसद में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया था जहां लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उनकी प्रशंसा की। लखनऊ में जिला बागपत के प्रतिनिधित्व कर चुके ईनाम उल हसन को उनके प्रतिभा के आधार पर हिमाचल प्रदेश की संस्था पृथ्वी अभ्युदय एसोसिएशन इंडिया ने शिक्षा रत्न सम्मान से पुरस्कृत करने के लिए चयन किया था।
गौरतलब है कि ईनाम उल हसन पहले भी कई बार अपने गांव और जिला बागपत में शिक्षा के उत्थान हेतु कार्य कर चुके है। उनको नमस्ते इंडिया फाउंडेशन द्वारा भी एजुकेटर ऑफ द ईयर अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। इसमें उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शुरू किए गए मिशन प्रेरणा के अंतर्गत गरीब बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा देने में भी अहम योगदान दिया जिसकी सराहना बीएसए श्री राघवेन्द्र द्वारा भी की गई। उनका उद्देश्य बागपत की सांस्कृतिक विरासत को मुख्यधारा में लेकर आना और शिक्षा के उत्थान हेतु कार्य करना है।
शिक्षा के प्रति उनके जुनून को देखते हुए उनको जिलाधिकारी राज कमल यादव और सांसद सत्यपाल सिंह द्वारा भी उनको सम्मानित किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त उन्होंने अपने ग्राम निवाडा में भी नेहरू युवा केन्द्र के द ग्रेट भगत सिंह यूथ क्लब का गठन किया है जिसके माध्यम से वो अपने गांव के युवाओं के विकास, उत्थान एवं कल्याण हेतु कार्य कर रहे है। उनके चयन पर गांव के लोगों में खुशी का माहौल है और परिजनों ने भी शुभकामनाएं दी।
0 Comments