वृंदावन के अस्तित्व और संरक्षण के लिए नगर पालिका को 'ए' ग्रेड बनाए जाने की उठी जोरदार मांग, नागरिकों ने की महत्वपूर्ण बैठक
वृंदावन के प्राचीन अस्तित्व, संस्कृति और चहुंमुखी विकास को सुरक्षित रखने के लिए आज स्थानीय जागरूक नागरिकों की एक अति महत्वपूर्ण बैठक हरिदास आश्रम गोधूलीपुरम में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से मांग की गई कि वृंदावन नगर पालिका को 'ए' (A-Grade) श्रेणी का बनाया जाए, ताकि यहाँ प्रशासनिक बजट और विकास कार्यों में तेजी आ सके।
श्री आनंद वल्लभ गोस्वामी जी ने कहा की "वृंदावन केवल एक शहर नहीं, बल्कि हमारी आस्था और संस्कृति का प्राण है। इसके स्वरूप और अस्तित्व को बचाने के लिए यह बेहद आवश्यक है कि हमारी नगर पालिका 'ए' ग्रेड बने, ताकि यहाँ तीर्थनगरी के अनुरूप उच्च स्तर की प्रशासनिक व्यवस्था और सुविधाएं मिल सकें।"
श्री जितेंद्र राणा जी ने जोर दिया की "नगर पालिका के 'ए' ग्रेड बनने से न केवल पार्षदों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि वार्डों का बेहतर विकास भी संभव हो सकेगा। जब हमारा स्थानीय जनप्रतिनिधि और चेयरमैन हमारे बीच का होगा, तो आम जनता अपनी समस्याओं को बिना किसी बाधा के उनके समक्ष रख सकेगी।
विवेक महाजन (एडवोकेट) ने कहा "वृंदावन की भौगोलिक, धार्मिक और सामाजिक विशिष्टताओं को ध्यान में रखते हुए यहाँ का नेतृत्व और प्रशासनिक ढांचा भी मजबूत होना चाहिए। स्थानीय जनता की यह मांग पूरी तरह न्यायसंगत है कि वृंदावन का चेयरमैन यहीं का स्थानीय व्यक्ति हो, जो यहाँ की हर एक नस से वाकिफ हो और जनता के प्रति जवाबदेह हो।"
बैठक के मुख्य बिंदु एवं उद्देश्य:
* नगर पालिका का उच्चीकरण: वृंदावन नगर पालिका को 'ए' ग्रेड का दर्जा दिए जाने की पुरजोर मांग उठाई गई, जिससे यहाँ सफाई, सीवर, जलापूर्ति और पर्यटकों के लिए बुनियादी सुविधाओं का आधुनिकीकरण बड़े पैमाने पर हो सके।
* पार्षदों की संख्या में वृद्धि: वार्डों का पुनर्गठन होने से पार्षदों की संख्या बढ़ेगी, जिससे हर क्षेत्र की समस्या का मजबूत प्रतिनिधित्व हो सकेगा।
* स्थानीय नेतृत्व: जनता का मानना है कि वृंदावन का ही व्यक्ति चेयरमैन बनने से जनता और प्रशासन के बीच की दूरी कम होगी और आमजन अपनी बात आसानी से रख सकेंगे।
आज की इस बैठक आशु सरदार, योगेश योगीराज, ठाकुर गीता सिंह, गोविन्द शर्मा ठाकुर उदय सिंह ठाकुर, शैलेंद्र सिंह चौहान, ज्ञानी ठाकुर, अजीत सिंह सहित वृंदावन के तमाम गणमान्य और जागरूक नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में इस मुहिम को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
