गुरुग्राम में श्रीराम ने तोड़ा शिव धनुष, सीता स्वयंवर की लीला का हुआ भव्य मंचन

गुरुग्राम में श्रीराम ने तोड़ा शिव धनुष, सीता स्वयंवर की लीला का हुआ भव्य मंचन


परशुराम-लक्ष्मण संवाद ने बांधा दर्शकों को, रामलीला में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश भी दिया जाएगा


गुरुग्राम। गुरुग्राम गांव में श्री गुरुद्रोणाचार्य रामलीला क्लब की ओर से आयोजित रामलीला में सीता स्वयंवर की लीला का भव्य मंचन किया गया। इस दौरान भगवान श्रीराम द्वारा शिव धनुष तोड़ने, माता सीता के साथ विवाह तथा भगवान परशुराम और लक्ष्मण के बीच संवाद के प्रसंगों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।


लीला के दौरान जनकपुरी में आयोजित सीता स्वयंवर में देश-विदेश से आए राजा-महाराजाओं ने भगवान शिव के पिनाक धनुष को उठाने और उस पर प्रत्यंचा चढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी सफल नहीं हो सका। इसके बाद गुरु की आज्ञा प्राप्त कर भगवान श्रीराम ने शिव धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाई और धनुष टूट गया। इस प्रसंग के साथ ही माता सीता और भगवान श्रीराम के विवाह का मार्ग प्रशस्त हुआ।


शिव धनुष टूटने की आवाज सुनकर भगवान परशुराम क्रोधित होकर वहां पहुंचे। इसके बाद भगवान परशुराम और लक्ष्मण के बीच हुए संवाद का कलाकारों ने प्रभावशाली मंचन किया। रामलीला में अयोध्या के निवासियों के बाराती बनकर गाजे-बाजे के साथ जनकपुरी पहुंचने और भगवान श्रीराम तथा माता सीता के विवाह का प्रसंग भी प्रस्तुत किया गया।


रामलीला के निर्देशक श्री मनोज सैनी ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रामलीला के माध्यम से धार्मिक प्रसंगों के साथ सामाजिक संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' विषय पर विशेष मंचन भी किया जाएगा, ताकि लोगों को बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और शिक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके।


उन्होंने बताया कि आगामी मंचन में राम बारात और मंथरा-कैकई संवाद की लीला प्रस्तुत की जाएगी। रामलीला के माध्यम से दर्शकों को भगवान श्रीराम के आदर्शों, भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।


Previous Post Next Post

نموذج الاتصال