गुरुग्राम, 16 अक्तूबर | शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर गुरुग्राम के विधायक श्री मुकेश शर्मा द्वारा शुरू की गई माँ शीतला के दरबार तक पदयात्रा लगातार पांचवें दिन भी जारी रही। विधायक आवास से श्री शीतला माता मंदिर तक निकाली जा रही इस पदयात्रा में प्रतिदिन लोगों की भागीदारी बढ़ रही है। सैकड़ों लोगों के साथ शुरू हुई यह यात्रा अब हजारों की सहभागिता का रूप ले चुकी है। जगह-जगह स्थानीय निवासी, श्रद्धालु और युवा विधायक श्री मुकेश शर्मा का स्वागत करते हुए पदयात्रा में शामिल हो रहे हैं।
विधायक श्री मुकेश शर्मा ने नवरात्रि के सभी नौ दिनों तक माँ शीतला के दरबार में पदयात्रा कर दर्शन करने का संकल्प लिया है। इस पहल के माध्यम से वे गुरुग्राम की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर विकास की कामना के साथ युवाओं को नशे से दूर रहने तथा सनातन संस्कृति से जुड़ने का संदेश दे रहे हैं।
सनातन से जुड़ें युवा, नशे से दूर रहे समाज
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जी की प्रेरणा से विधायक श्री मुकेश शर्मा का प्रयास है कि अधिक से अधिक युवा अपनी संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़ें। वे युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनका मानना है कि संस्कारवान, स्वस्थ और नशामुक्त युवा ही एक सशक्त समाज एवं विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव हैं।
पदयात्रा में लगातार बढ़ रही लोगों की भागीदारी इस संकल्प के प्रति जनसमर्थन को दर्शा रही है। श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ माँ शीतला के जयकारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हो रहे हैं। विभिन्न स्थानों पर हो रहा स्वागत इस धार्मिक पहल को जनभागीदारी से जोड़ रहा है।
माँ शीतला से गुरुग्राम की खुशहाली की कामना
पदयात्रा के दौरान विधायक श्री मुकेश शर्मा माँ शीतला के चरणों में शीश नवा रहे हैं और समस्त गुरुग्रामवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना कर रहे हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं और सभी से अपनी आस्था एवं परंपराओं से जुड़े रहने का आह्वान किया।
नवरात्रि के शेष दिनों में भी यह पदयात्रा जारी रहेगी। माँ शीतला के प्रति श्रद्धा, युवाओं को नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने और सनातन संस्कृति से जोड़ने का यह संकल्प अब गुरुग्राम में व्यापक जनभागीदारी का रूप ले रहा है।

