रामजी के जन्म पर जैकबपुरा में अयोध्या नगरी जैसा माहौल, बाल रूप के दर्शन करने मदारी बनकर अयोध्या पहुंचे महादेव
श्री दुर्गा रामलीला के दूसरे दिन राम जन्म, भगवान शिव के मदारी रूप और ताड़का वध की लीला का हुआ भव्य मंचन
गुरुग्राम। जैकबपुरा स्थित श्री दुर्गा रामलीला के 61वें रामलीला महोत्सव के दूसरे दिन भगवान श्रीराम के जन्म की लीला ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। प्रभु श्रीराम के जन्म के साथ ही पूरा रामलीला परिसर अयोध्या नगरी में परिवर्तित होता नजर आया। ढोल-नगाड़ों, भजनों और बधाइयों के बीच श्रद्धालुओं ने नाच-गाकर खुशियां मनाईं। वहीं, भगवान श्रीराम के बाल रूप के दर्शन करने के लिए भगवान शिव का मदारी का रूप धारण कर अयोध्या पहुंचने का दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। रंगारंग प्रस्तुतियों, भव्य मंच सज्जा और भक्तिमय वातावरण के बीच दूसरे दिन की लीला का शानदार मंचन किया गया।
राम जन्म की लीला से पहले मंच पर दिखाया गया कि राक्षसों के अत्याचार से धरती और देवता परेशान हैं। राक्षसों के बढ़ते आतंक से मुक्ति दिलाने के लिए देवताओं ने भगवान विष्णु की आराधना की और उनसे पृथ्वी पर अवतार लेकर अधर्म का नाश करने की प्रार्थना की। इसके बाद कथा राजा दशरथ के दरबार में पहुंची, जहां तीन रानियां होने के बावजूद संतान सुख से वंचित राजा दशरथ चिंतित नजर आए।
राजा दशरथ अपनी व्यथा लेकर गुरु वशिष्ठ के आश्रम पहुंचे। उन्होंने संतान प्राप्ति की इच्छा व्यक्त करते हुए अपनी पीड़ा बताई। गुरु वशिष्ठ ने उन्हें पुत्रेष्टि यज्ञ कराने का सुझाव दिया। इसके बाद राजा दशरथ ने ऋषि के मार्गदर्शन में यज्ञ करवाया। इस दृश्य को शृंगेरी शारदा पीठ वेद पाठशाला के विद्यार्थियों ने वैदिक मंत्रों के सस्वर उच्चारण से अत्यंत जीवंत बना दिया। मंत्रोच्चार और वैदिक परंपरा के अनुरूप हुए यज्ञ ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया।
यज्ञ के उपरांत प्राप्त खीर को राजा दशरथ ने अपनी तीनों रानियों—माता कौशल्या, कैकेयी और सुमित्रा—में वितरित किया। इसके फलस्वरूप चारों राजकुमारों श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न का जन्म हुआ। राम जन्म की घोषणा होते ही मंच पर उत्सव का माहौल छा गया। रामलीला समिति के सदस्यों ने राजा दशरथ के दरबार में पहुंचकर बधाइयां दीं। ढोल-नगाड़ों और मंगल गीतों के बीच श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव को धूमधाम से मनाया। पूरा परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।
इसके बाद भगवान शिव के मदारी का रूप धारण कर अयोध्या पहुंचने की मनोहारी लीला दिखाई गई। भगवान शिव अपने आराध्य प्रभु श्रीराम के बाल स्वरूप के दर्शन करने के लिए हाथ में बंदर लेकर मदारी के वेश में पहुंचे। यह प्रसंग श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहा और मंच पर भक्ति तथा वात्सल्य का अद्भुत संगम देखने को मिला।
समय के साथ चारों राजकुमार बड़े हुए और उनकी शिक्षा-दीक्षा का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। गुरु के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता में ही ईश्वर का वास होता है। मनुष्य को अपने घर, आसपास और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखना चाहिए। इस प्रसंग के जरिए रामलीला ने धार्मिक कथा के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया।
इसके बाद ऋषि-मुनियों को राक्षसों के अत्याचार से मुक्ति दिलाने के लिए भगवान श्रीराम द्वारा ताड़का वध की लीला का मंचन किया गया। ताड़का के वध के बाद सुबाहु और मारीच से जुड़े प्रसंगों ने मंचन को और रोमांचक बना दिया। अधर्म के विरुद्ध धर्म की विजय का संदेश देती इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को रामायण की दिव्य कथा से जोड़ दिया।
श्री दुर्गा रामलीला के दूसरे दिन का मंचन श्रद्धा, उत्साह और भव्यता से परिपूर्ण रहा। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव से लेकर ताड़का वध तक की लीलाओं ने दर्शकों को भक्ति के रंग में रंग दिया।

