नवरात्र आत्मबल, आत्मसंयम और साहस के साथ जीवन की चुनौतियों का सामना करने की प्रेरणा देते हैं : ऊषा प्रियदर्शी

नवरात्र आत्मबल, आत्मसंयम और साहस के साथ जीवन की चुनौतियों का सामना करने की प्रेरणा देते हैं : ऊषा प्रियदर्शी



हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ऊषा प्रियदर्शी ने गुरुग्राम में गरबा डांडिया नाइट्स कार्यक्रम में की सहभागिता


ऊषा प्रियदर्शी ने कहा, बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति और पारिवारिक संस्कारों से जोड़ना जरूरी


गुरुग्राम, 17 अक्टूबर।

हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ऊषा प्रियदर्शी ने कहा कि  नवरात्र केवल उपवास और पूजा-अर्चना का पर्व नहीं, बल्कि आत्मसंयम, आत्मबल, साहस और साधना से जीवन की हर चुनौती का सामना करने की प्रेरणा देने वाला उत्सव है। मां दुर्गा की आराधना हमें अपनी आंतरिक शक्ति पहचानने, अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश देती है। प्रत्येक नारी में देवी स्वरूप शक्ति विद्यमान है, जरूरत केवल उसे पहचानने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की है। वे शनिवार को गुरुग्राम के सेक्टर 5 स्थित जिऑन  इंटरनेशनल स्कूल में गरबा डांडिया नाइट्स कार्यक्रम को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रही थी।


आयोग की अध्यक्ष ऊषा प्रियदर्शी ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि जिस प्रकार मां भारती अपनी गोद में पूरे देश को समेटे हुए हैं, उसी प्रकार प्रत्येक महिला में अपने परिवार, समाज और राष्ट्र की रक्षा करने की शक्ति है। भारतीय इतिहास में अनेक वीरांगनाओं ने देश की अस्मिता और सम्मान की रक्षा के लिए अपने प्राणों तक का बलिदान दिया है। नवरात्र हमें उन्हीं आदर्शों से प्रेरणा लेकर साहस, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हैं।


उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और पारिवारिक संस्कारों से जोड़ना भी बेहद जरूरी है। मोबाइल और पाश्चात्य संस्कृति के बढ़ते प्रभाव के बीच माताओं की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। बच्चों को आधुनिक शिक्षा सिखाने के साथ उन्हें दादा-दादी, चाचा-ताऊ जैसे पारिवारिक रिश्तों का महत्व भी समझाना चाहिए। मां बच्चे की पहली गुरु और सबसे बड़ी शुभचिंतक होती है, इसलिए माताओं को चाहिए कि वे बच्चों को बड़े सपने देखने, अच्छे संस्कार अपनाने और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान रखने की प्रेरणा दें।



ऊषा प्रियदर्शी ने कहा कि हरियाणा राज्य महिला आयोग प्रत्येक महिला और बेटी की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के लिए उनके साथ खड़ा है। उन्होंने माताओं से बेटियों को आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) का प्रशिक्षण दिलाने का आह्वान करते हुए कहा कि महिलाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनना होगा। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास, साहस और एकजुटता से ही महिलाएं अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ सम्मानजनक जीवन जी सकती हैं।


कार्यक्रम में गुरुग्राम भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष एवं निगम पार्षद सोनिया यादव, स्कूल की प्रिंसिपल स्नेहलता सहित काफी संख्या मातृशक्ति मौजूद रही।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال