गुरुग्राम की रामलीला में धूमधाम से हुआ श्रीराम-सीता विवाह, जनकपुरी में बारात लेकर पहुंचे अयोध्यावासी
आज होगा कोपभवन, वनवास और केवट-श्रीराम संवाद का मंचन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश भी देगी रामलीला
गुरुग्राम। श्री गुरुद्रोणाचार्य रामलीला क्लब, गुरुग्राम की रामलीला में श्रीराम-सीता विवाह प्रसंग का भव्य मंचन किया गया। इस दौरान अयोध्या निवासी बाराती बनकर गाजे-बाजे के साथ जनकपुरी पहुंचे। विवाह समारोह में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। श्रीराम और माता सीता के विवाह के बाद राजा दशरथ सभी के साथ अयोध्या लौटे।
रामलीला के अगले प्रसंग में राजा दशरथ ने श्रीराम के राजतिलक की घोषणा की। इस घोषणा के बाद मंथरा और कैकेयी के बीच संवाद का मंचन किया गया, जिसने रामलीला की कथा को नए मोड़ पर पहुंचा दिया।
रामलीला क्लब के निर्देशक श्री मनोज सैनी ने बताया कि आगामी मंचन में कोपभवन, श्रीराम के वनवास और केवट-श्रीराम संवाद के प्रसंग प्रस्तुत किए जाएंगे। इन प्रसंगों के माध्यम से दर्शकों को त्याग, समर्पण, भक्ति और मर्यादा का संदेश दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रामलीला के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को प्रमुखता दी जा रही है। इसी कड़ी में 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान पर आधारित मंचन भी किया जाएगा, ताकि समाज में बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
रामलीला के माध्यम से धार्मिक परंपराओं के साथ-साथ सामाजिक संदेशों को भी जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

