द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ के महिला एवं पुरुष इकाई के स्वयंसेवकों ने लिया स्वच्छ एवं स्वस्थ परिसर बनाने का दृढ़ संकल्प।
गुरुग्राम। द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय, गुरुग्राम की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के महिला एवं पुरुष इकाई द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘स्वच्छता ही सेवा’ विषय पर व्यापक स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के पुरुष एवं महिला इकाई के प्रभारी, सैकड़ों स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के दौरान महाविद्यालय परिसर के विभिन्न स्थानों पर व्यापक स्तर पर साफ-सफाई की गई तथा विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रो (डॉ.) उर्वशी चौधरी आमंत्रित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और इसे अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी एवं प्रभारी डॉ. सीमा चौधरी एवं श्री विजय दहिया ने स्वयंसेवको को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल किसी स्थान की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी सोच, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी का भी परिचायक है। महाविद्यालय परिवार विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस अवसर पर एनएसएस के महिला इकाई की स्वयंसेविकाओं के द्वारा सक्रिय भागीदारी और सेवा दर्शनीय रही।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर मनीषा राणा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ परिसर स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित शैक्षणिक वातावरण की आधारशिला है एवं समाज और राष्ट्र को स्वच्छ बनाना प्रत्येक नागरिक का मौलिक कर्तव्य है। महाविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनमें सामाजिक संवेदनशीलता, नागरिक कर्तव्य और सेवा भावना का विकास करना भी है। सेवा से संकल्प की इस यात्रा में महाविद्यालय परिवार से डॉ सुनील डबास ,ड्रा कर्मवीर,श्री अशोक, डॉ विकासदीप, श्री प्रवीण, डॉ राकेश, डॉ बीना, डॉ सुमन , डॉ अनुभा ,ड्रा ज्योति, ड्रा विकासदीप, ड्रा प्रवीण, ड्रा पुनीत सहित विभिन्न संकाय के अध्यक्ष,शिक्षक और सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
स्वच्छता अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और सामूहिक भावना के साथ श्रमदान किया। इस पहल ने यह संदेश दिया कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति, संस्था या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक सदस्य का साझा कर्तव्य है।
