सनरूफ खोलकर सड़क पर हुड़दंगबाजी और परिवार से अभद्रता करने वाले तीन युवक गिरफ्तार



क्रेटा कार में तेज आवाज में बजा रहे थे म्यूजिक, हाथ लहराकर कर रहे थे हुड़दंग; वारदात में इस्तेमाल कार बरामद

गुरुग्राम, 1 नवंबर। शहर में सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंगबाजी और दूसरों के साथ अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सफेद रंग की क्रेटा कार का सनरूफ खोलकर तेज आवाज में म्यूजिक बजाते हुए सड़क पर हुड़दंग कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने एक परिवार के साथ भी बदतमीजी की थी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल क्रेटा कार भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने थाना सेक्टर-5 में शिकायत देकर बताया कि उसके घर के बाहर गली में कुछ युवक सफेद रंग की क्रेटा कार का सनरूफ खोलकर तेज आवाज में म्यूजिक बजा रहे थे और हाथ लहराकर हुड़दंगबाजी कर रहे थे। विरोध करने पर युवकों ने शिकायतकर्ता के परिवार के साथ अभद्र व्यवहार किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

थाना सेक्टर-5 की पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए 1 नवंबर को मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान प्रवीन कुमार (18), निवासी 12 बिस्वा, गुड़गांव गांव, यश (19), निवासी सेक्टर-12, राजीव नगर और दिव्यांश (22), निवासी 12 बिस्वा, गुड़गांव गांव के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने दोस्तों के साथ कार का सनरूफ खोलकर तेज आवाज में म्यूजिक बजाने, हाथ लहराकर हुड़दंगबाजी करने और राहगीरों के साथ अभद्र व्यवहार करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई क्रेटा कार बरामद कर ली है।

पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है और जांच जारी है। गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंगबाजी करने, तेज आवाज में म्यूजिक बजाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال