गुरुग्राम में रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर बड़ी कार्रवाई — 7,887 चालान, 46.82 लाख का जुर्माना, सूरज स्कूल बस भी नहीं बची
स्पेशल अभियान में आम वाहन चालकों के साथ स्कूल बसों पर भी कड़ी कार्रवाई, ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती
गुरुग्राम | 01 अप्रैल 2026
गुरुग्राम पुलिस ने रॉन्ग साइड ड्राइविंग के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए मार्च महीने में 7,887 वाहन चालकों के चालान किए और कुल 46 लाख 82 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला। इस अभियान के दौरान नियम तोड़ने वालों में एक सूरज स्कूल की बस भी शामिल रही, जिस पर रॉन्ग साइड चलने के कारण चालान किया गया।
यह विशेष अभियान पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा (IPS) के नेतृत्व में, डीसीपी ट्रैफिक डॉ. राजेश मोहन (IPS) के निर्देशन और एसीपी ट्रैफिक सत्यपाल यादव (HPS) की देखरेख में 1 मार्च से 31 मार्च 2026 तक चलाया गया।
पुलिस के अनुसार, इस दौरान रॉन्ग साइड ड्राइविंग करने वाले वाहन चालकों पर लगातार निगरानी रखी गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
गौरतलब है कि सड़क हादसों का एक बड़ा कारण गलत दिशा में वाहन चलाना और अचानक लेन बदलना है, जिससे न सिर्फ चालक बल्कि अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ जाती है।
गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह आम नागरिक हो या स्कूल बस चालक।
पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं, जिनमें ट्रक ड्राइवर, बस चालक, स्कूल बस ड्राइवर और ऑटो चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
👉 पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि लेन ड्राइविंग का पालन करें—
बाईं लेन: भारी वाहन
बीच की लेन: सामान्य वाहन
दाईं लेन: ओवरटेक
नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें। 🚦
