खेकड़ा की बेटियों ने बढ़ाया नगर का मान, इशिका ने 12वीं में 93% अंक लाकर किया स्कूल टॉप
खेकड़ा। नगर की होनहार छात्रा इशिका ने सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जेपी एकेडमी में प्रथम स्थान हासिल किया है। इशिका की इस उपलब्धि से परिवार, स्कूल और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। छात्रा की सफलता पर स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने उसे बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
जेपी एकेडमी के प्रबंधक विकास तथा क्लास टीचर योगेश ने कहा कि इशिका शुरू से ही मेधावी और अनुशासित छात्रा रही है। उसकी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास का ही परिणाम है कि उसने विद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि इशिका अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनी है।
इशिका की इस सफलता से परिवार बेहद गौरवान्वित है। छात्रा की मां सुमन और पिता कुलदीप कुमार ने बताया कि उनकी दोनों बेटियों ने इस वर्ष शानदार प्रदर्शन किया है, जिससे परिवार में खुशी का माहौल है। उन्होंने कहा कि बेटियां मेहनत और लगन से हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकती हैं।
गौरतलब है कि इशिका की छोटी बहन अंकिता ने भी इसी वर्ष सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा में स्कूल टॉप कर परिवार और विद्यालय का नाम रोशन किया है। एक ही परिवार की दो बेटियों की इस उपलब्धि की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।
छात्रा की सफलता पर चाचा एडवोकेट बृजमोहन तथा दादा ने मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों ने भी घर पहुंचकर परिवार को बधाई दी। नगरवासियों ने दोनों बहनों की मेहनत और सफलता की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।