1 जून से शुरू होंगी योग दिवस गतिविधियां, गुरुग्राम में विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी होंगे मुख्य अतिथि
21 जून तक जिलेभर में आयोजित होंगे योग शिविर और जागरूकता कार्यक्रम
स्वस्थ वृद्धावस्था तथा हर घर योग-हर दिन योग थीम पर आधारित रहेगा आयोजन
गुरुग्राम, 29 मई- डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस इस बार स्वस्थ वृद्धावस्था तथा हर घर योग-हर दिन योग थीम के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि योग को जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने के लिए जिलेभर में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग योग से जुड़कर स्वस्थ जीवनशैली अपना सकें।
इससे पहले मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीसी के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ बैठक कर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि योग दिवस कार्यक्रमों में युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और सामाजिक संस्थाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है।
डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि 1 जून से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जिलेभर में विभिन्न गतिविधियां शुरू हो जाएंगी, जो 21 जून तक लगातार आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि गुरुग्राम में 1 जून को आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
डीसी ने बताया कि जिला स्तर पर मुख्य कार्यक्रम का आयोजन बड़े स्तर पर किया जाएगा, जबकि उपमंडल, ब्लॉक और गांव स्तर पर भी योग शिविर और कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि 15 जून को योग दिवस जागरूकता के लिए योगा मैराथन का आयोजन किया जाएगा तथा 20 जून को कार्यक्रम की फाइनल रिहर्सल होगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग, उच्चतर शिक्षा विभाग, खेल विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, नगर निगम, पंचायत विभाग तथा सामाजिक संस्थाएं मिलकर योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाएं।
डीसी ने आयुष विभाग को निर्देश दिए कि जिले में अधिक से अधिक योग शिविर आयोजित किए जाएं। साथ ही प्रशिक्षित योग शिक्षकों की सहायता से गांवों और व्यायामशालाओं में नियमित योग अभ्यास करवाया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग योग से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के लिए भी विशेष योग शिविर आयोजित किए जाएंगे।
डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि योग दिवस कार्यक्रम में अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लोगों का ऑनलाइन पंजीकरण करवाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों तथा जनप्रतिनिधियों का अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में बादशाहपुर एसडीएम संजीव सिंगला, अतिरिक्त श्रम आयुक्त कुशल कटारिया, जिला खेल अधिकारी आरती कोहली, डिप्टी डीईओ दीप्ति बोकन, गीता आर्या सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
