नई दिल्ली, 29 मई।
भारत रत्न एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी की 39वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आज किसान घाट, नई दिल्ली में श्रद्धांजलि सभा एवं वैदिक हवन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों किसानों, मजदूरों, युवाओं एवं समर्थकों ने भाग लेकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी, श्रीमती चारू चौधरी एवं परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन में आहुति देकर राष्ट्र की समृद्धि, शांति और किसान कल्याण की कामना की।
देश के विभिन्न राज्यों से आए किसानों एवं समर्थकों ने चौधरी चरण सिंह जी को किसानों, मजदूरों और ग्रामीण भारत के सच्चे मसीहा के रूप में याद किया। वक्ताओं ने कहा कि चौधरी चरण सिंह जी की नीतियां और विचार आज भी देश को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। कृषि एवं अर्थव्यवस्था पर उनके लेखन का अध्ययन भारत ही नहीं बल्कि विश्व के कई देशों में किया जाता है।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान किसानों ने उनके बताए रास्ते पर चलने और किसान हितों की रक्षा के लिए संकल्प भी लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को प्रसाद एवं शीतल दूध-रूह अफजा वितरित किया गया।
पूरे आयोजन में श्रद्धा, सम्मान और किसान एकता का भाव देखने को मिला।

