गुरुग्राम, 2 सितंबर। गुरुग्राम के लोकसभा सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री श्री राव इंद्रजीत सिंह जी की अध्यक्षता में आज पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में गुरुग्राम में जलभराव की समस्या को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में विधायक मुकेश शर्मा जी ने भी सहभागिता की। इस दौरान GMDA, नगर निगम गुरुग्राम, जिला प्रशासन एवं HSVP के वरिष्ठ अधिकारी तथा भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी उपस्थित रहे।
बैठक में हालिया जलभराव की स्थिति की समीक्षा करते हुए समस्या के स्थायी एवं दीर्घकालिक समाधान पर विस्तृत चर्चा हुई। राव इंद्रजीत सिंह जी ने कहा कि केवल पंपों के माध्यम से पानी निकालना स्थायी समाधान नहीं है। गुरुग्राम के प्राकृतिक जल निकासी मार्गों को बहाल करने, बारिश के पानी का संचयन और भूजल पुनर्भरण बढ़ाने पर विशेष ध्यान देना होगा।
विधायक मुकेश शर्मा जी ने, बैठक को लेकर कहा कि गुरुग्राम में जलभराव जैसी समस्या के स्थायी समाधान की आवश्यकता है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय कर प्राकृतिक नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने और जलभराव वाले क्षेत्रों में ठोस एवं प्रभावी कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया।
बैठक में प्राकृतिक नदी-नालों एवं पुराने जल प्रवाह मार्गों की सैटेलाइट मैपिंग, सीएंडडी वेस्ट से बाधित नालों की पहचान एवं सफाई, सरकारी जमीनों पर वाटर बॉडीज विकसित करने तथा उपयुक्त स्थानों पर इंजेक्शन ट्यूबवेल के माध्यम से भूजल पुनर्भरण जैसे उपायों पर चर्चा हुई। आवश्यकता पड़ने पर भूमिगत पाइपलाइन के माध्यम से पुराने जल प्रवाह मार्गों को तकनीकी रूप से बहाल करने का सुझाव भी रखा गया।
साथ ही, गुरुग्राम में लगातार गिरते भूजल स्तर पर चिंता जताते हुए विशेषज्ञ संस्थानों एवं IIT जैसी तकनीकी संस्थाओं की मदद से वैज्ञानिक एवं तकनीक आधारित दीर्घकालिक जल प्रबंधन योजना तैयार करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को कार्यों की निरंतर निगरानी एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
