बेघरों को हीट वेव से बचाने के लिए रैन बसेरे शुरू करे नगर निगम: नवीन गोयल

 बेघरों को हीट वेव से बचाने के लिए रैन बसेरे शुरू करे नगर निगम: नवीन गोयल

-रैन बसेरों में गर्मी से बचाने को कूलर, ठंडे पानी, दवाओं की भी हो व्यवस्था
-नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर नवीन गोयल ने किया आग्रह  


गुरुग्राम। व्यापार प्रकोष्ठ भाजपा हरियाणा के प्रदेश प्रमुख नवीन गोयल ने कहा कि बेघरों को जिस तरह से सर्दी से बचाने के लिए नगर निगम शहर में रैन बसेरे शुरू करता है, उसी तरह से अब हीट वेव से बचाने के लिए भी रैन बसेरे शुरू किए जाने चाहिए। शहर के अनेक लोग सार्वजनिक स्थानों पर भीषण गर्मी से परेशान हो रहे हैं। रैन बसेरों को उचित सुविधाओं के साथ शुरू किया जाए। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त डा. नरहरि सिंह बांगड़ को पत्र लिखकर उन्होंने यह आग्रह किया है।  
नवीन गोयल ने भीषण गर्मी से बचाने के लिए नगर निगम प्रशासन से बिना देरी किए रैन बसेरे शुरु करने का आग्रह किया है। बुधवार को निगमायुक्त डा. नरहरि सिंह बांगड़ को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि बीते कई दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है। हीट वेव चल रही है। जिससे जनजीवन बेहाल है। अनेक लोग महिलाएं,  पुरुष, बच्चे ऐसे हैं जो इस भीषण गर्मी में खुले आसमान के नीचे पेड़ों की छाया में रहने को मजबूत हैं। उनके पास कोई संसाधन नहीं हैं, जिससे कि वे हीट वेव की चपेट में आने से बच सकें। हीट वेव की वजह से उनके गंभीर रूप से बीमार होने का खतरा बना है। इनमें सबसे अधिक संख्या उनके साथ रह रहे बच्चों और बुजुर्गों की है। नवीन गोयल ने कहा कि नगर निगम प्रशासन अपने क्षेत्र में रैन बसेरों को शुरू करे, ताकि ये बेघर हीट वेव से बच सकें। रैन बसेरों मे मूलभूत सुधिाएं कूलर, ठंडे पानी की भी व्यवस्था व दवाइयां भी उपलब्ध कराई जाएं। जरूरत पडऩे पर रैन बसेरों की संख्या भी बढ़ाई जाए, ताकि अधिक से अधिक बेघर लोगों को हीट वेव से बचाया जा सके। नवीन गोयल ने स्वास्थ्य विभाग को भी पत्र लिखा है। जिसमें कहा है कि स्वास्थ्य विभाग एक मेडिकल टीम का गठन करे, जो कि रैन बसेरों में गर्मी व लू से प्रभावित लोगों को चिकित्सा सुविधाएं दे सके।  
Previous Post Next Post

نموذج الاتصال