गुरुग्राम, 9 मार्च: गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा ने महिला सशक्तिकरण को लेकर भाजपा सरकार की पहलों की सराहना करते हुए कहा कि विकसित भारत 2047 के संकल्प में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। भाजपा सरकार के नेतृत्व में महिलाएं नए भारत के निर्माण में सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं।
उन्होंने बताया कि, "महिला सशक्तिकरण को लेकर हरियाणा सरकार ने बड़ी घोषणाएं की हैं। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री नायब सैनी ने महिलाओं के हित में तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, जिससे प्रदेश की महिलाओं को अधिक अवसर और सहूलियतें मिलेंगी।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने महिला कर्मचारियों और उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए तीन बड़ी नीतिगत घोषणाएं कीं: हरियाणा सरकार के सभी कार्यालयों में कार्यरत नियमित महिला कर्मचारियों को अब प्रतिवर्ष 25 छुट्टियां मिलेंगी, जो पहले 20 हुआ करती थीं। इसके अलावा हरियाणा कौशल रोजगार निगम में काम करने वाली महिला कर्मियों को पहले 10 वार्षिक छुट्टियां मिलती थीं, लेकिन अब उन्हें हर महीने एक अतिरिक्त छुट्टी के साथ कुल 22 अवकाश मिलेंगे।
इसके साथ ही, प्रदेश की महिलाओं को डेयरी इकाइयां स्थापित करने के लिए सरकार 1 लाख रुपये तक का ब्याज-मुक्त ऋण देगी। इससे महिलाएं स्वरोजगार को बढ़ावा देकर आत्मनिर्भर बन सकेंगी। मुकेश शर्मा ने कहा कि, भाजपा सरकार महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और अधिकारों के प्रति पूरी तरह समर्पित है। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।
विधायक मुकेश शर्मा ने कहा, "महिलाओं के बिना विकसित भारत 2047 की कल्पना नहीं की जा सकती। हमारी बहनें, बेटियां और माताएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और भाजपा सरकार उनके सशक्तिकरण के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की "नॉन-स्टॉप सरकार" महिलाओं के कल्याण के लिए लगातार नीतियां बना रही है। भाजपा सरकार के प्रयासों से प्रदेश में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है और वे हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर रही हैं।