विपक्ष की सरकारों ने अहिल्याबाई होलकर के इतिहास को छिपाया : डा. सुधा यादव
अच्छे शासकों को विपक्ष की सरकारों ने इतिहास के पन्नों पर अंकित नहीं होने दिया : डा. सुधा यादव
देवी अहिल्याबाई का जीवन समर्पण, न्याय और सेवा का अद्वितीय उदाहरण : डा. सुधा यादव
जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी की अध्यक्षता में भाजपा कार्यालय गुरुकमल में पुण्यश्लोक महारानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर संगोष्ठी का आयोजन
गुरुग्राम, 24 मई। भाजपा कार्यालय गुरुकमल में शनिवार को पुण्यश्लोक महारानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी की अध्यक्षता में हुई इस संगोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य डा. सुधा यादव, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, बल्लभगढ़ के प्रभारी कमल यादव ने अहिल्याबाई होलकर को याद किया। मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की और कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री रामबीर भाटी ने किया। इस अवसर पर गड़रिया समाज के लोगों को सम्मानित भी किया गया।
केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य डा. सुधा यादव ने पुण्य श्लोक देवी अहिल्याबाई के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देवी अहिल्याबाई का जीवन समर्पण, न्याय और सेवा का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने न केवल मालवा क्षेत्र का विकास किया, बल्कि पूरे भारत की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित किया। पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए डा. सुधा यादव ने कहा कि विपक्ष की सरकारों ने अहिल्याबाई होलकर के इतिहास को छिपाया। अच्छे शासकों को विपक्ष की सरकारों ने इतिहास के पन्नों पर अंकित नहीं होने दिया।
डा. सुधा यादव ने कहा कि समाज और आने वाली पीढ़ी को अच्छे शासकों और इतिहास की जानकारी देना हमारा कर्तव्य है। एक महिला शासक के रूप में अहिल्याबाई होल्कर ने समाज और देश के लिए जो किया वह कल्पना से परे है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर को महिलाओं ने लीड किया ऐसे ही 300 साल पहले अहिल्याबाई होलकर ने करके दिखाया। समाज को आगे बढ़ाने, राष्ट्र का विकास, अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का भला कैसे हो इसे अहिल्याबाई होलकर ने साकार करके दिखाया।
डा. सुधा यादव ने कहा कि मजबूत प्रशासक के रूप में लिए गए निर्णय को जमीन पर उतारकर रानी अहिल्यायबाई होलकर ने फलीभूत किया। देवी अहिल्याबाई होलकर की सेना में 500 ऐसी महिलाएं थीं जो हर समय युद्ध के लिए तैयार रहती थी। उन्होंने कहा कि भारत में महिलाओं की स्थिति शुरू से ही अच्छी रही है। हालांकि एक दौर आया था जब महिलाओं की स्थिति अच्छी नहीं रही, लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है।
पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होलकर की करुणा, धार्मिक आस्था और जनसेवा की भावना आज भी हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार देवी अहिल्याबाई के आदर्शों पर चलते हुए सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक उत्थान के पथ पर अग्रसर है।
कमल यादव ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर अपनी परोपकारी गतिविधियों और न्यायप्रिय शासन के लिए जानी जाती हैं। अहिल्याबाई ने अपने शासनकाल में कई लोककल्याणकारी कार्य किए। मंदिरों, धर्मशालाओं का निर्माण, सिंचाई व्यवस्था का विकास किया। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अहिल्याबाई होलकर ने महेश्वर में वस्त्र उद्योग की शुरुआत की, जिससे महिलाओं को रोजगार मिला और माहेश्वरी साड़ियों की परंपरा शुरू हुई। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई की विरासत आज भी लोगों को प्रेरित करती है।
जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि पुण्यश्लोक माँ अहिलायाबाई होलकर का पूरा जीवन भगवान शिव और राष्ट्र की सेवा को समर्पित था। युद्ध कौशल, रणनीति कौशल, महिला शिक्षा से लेकर विधवा विवाह जैसे सामाजिक मुद्दों को लेकर प्रमुखता से उन्होंने काम किया। जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कार्यक्रम में पहुंचने पर सभी अतिथियों का आभार जताया।
इस अवसर पर ज़िला प्रभारी संदीप जोशी, गुरुग्राम मेयर राजरानी मल्होत्रा, पूर्व ज़िलाध्यक्ष तिलकराज मल्होत्रा, शैक्षणिक प्रमुख शैलेंद्र पांडे, महामंत्री रामबीर भाटी, जयवीर यादव, मनीष सैदपुर, पीसी सैनी, हितेश भारद्वाज, कार्यक्रम की सह संयोजक रेखा सैनी और कांता सैन व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।