विकसित भारत-2047 को समर्पित होगा उड़ीसा का प्रमुख रज एवं कला महोत्सव-2025: अक्षय सामल

 


-उड़ीसा की संस्कृति देखने रज एवं कला महोत्सव में आएं गुरुग्रामवासी

-सेक्टर-4 कम्युनिटी सेंटर में होगा दो दिवसीय 7वां रज एवं कला महोत्सव-2025

-14 व 15 जून को आयोजित किया जाएगा यह ऐतिहासिक महोत्सव  

-हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव होंगी मुख्य अतिथि

गुरुग्राम। कलिंगा भारती फाउंडेशन हर साल की तरह इस साल भी उड़ीसा के प्रमुख उत्सव रज एवं कला महोत्सव का धूमधाम से आयोजन करने जा रही है। गुरुग्राम के लोगों से अपील है कि वे इस महोत्सव में पहुंचकर उड़ीसा की संस्कृति देखने के साथ-साथ अपनी संस्कृति को भी सांझा करें। यह महोत्सव सेक्टर-4 हुडा कम्युनिटी सेंटर में आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव में हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव मुख्य अतिथि होंगीं। यह जानकारी रविवार को यहां सेक्टर-17 श्री माधव सेवा केंद्र में फाउंडेशन के प्रमुख अक्षय कुमार सामल ने दी।     

 
उन्होंने कहा कि आयोजन में विभिन्न भाषाओं के हजारों लोग, कलाकार, बच्चे और युवा इसमें शिरकत करेंगे और एक-दूसरे की संस्कृति को जानेेंगे। इस बार का यह आयोजन हमारे विकसित भारत-2047 को समर्पित है। अक्षय कुमार सामल ने कहा कि गुरुग्राम में उड़ीसा के हजारों लोग रह रहे हैं। एक परिवार की तरह से उनका यहां स्थानीय लोगों के साथ रहन-सहन है। वर्षों से यहां रह रहे उड़ीसा के लोग अपने पर्व भी यहीं पर भव्यता से मनाते है। पिछले छह साल से यहां रज एवं कला महोत्सव आयोजित किया जाता रहा है। इस बार सातवें साल में यह भव्य आयोजन होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि कलिंगा भारती फाउंडेशन का यही प्रयास है कि अपनी संस्कृति को जहां रहे, वहीं के लोगों के साथ मिलकर मजबूत किया जाए। 



अपनी संस्कृति से सभी को जोड़ा जाए। इसी का एक प्रयास यह आयोजन होता है। अक्षय कुमार सामल के मुताबिक इस बार यह 14 व 15 जून शनिवार, रविवार को किया जा रहा है। रज एवं कला महोत्सव में उडिय़ा एवं नॉर्थ इंडिया फूड फेस्टिवल तो होगा ही, साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। कार्यक्रम का समय सायं 5 बजे से रात 11 बजे तक सेक्टर-4 कम्युनिटी सेंटर में होगा। उन्होंने कहा कि हम जातिवाद, परिवारवाद से ऊपर उठकर सब भारतीयों के साथ यह पर्व मनाते हैं। एकता और भाईचारा मजबूत बनाने का भी माध्यम यह रज महोत्सव होता है। आपसी प्रेम और सौहार्द बनाकर रखने का संदेश देना ही इसका उद्देश्य है। भगवान जगन्नाथ के आशीर्वाद से उड़ीसा का हर व्यक्ति इसी बात का पक्षधर होता है कि हमें अपना जीवन आपसी सौहार्द से ही व्यतीत करना है। उन्होंने कहा कि यह उत्सव मुख्य तौर पर महिलाओं का होता है। जैसे हरियाणा में महिलाओं के लिए तीज उत्सव होता है, उसी तरह से उड़ीसा की महिलाओं के लिए यह रज उत्सव होता है। हम हरियाणवी संस्कृति को भी बढ़ाते हैं। हमारे यहां पैदा हुए बच्चे, आने वाली पीढिय़ां उडिय़ा संस्कृति से भी जुड़ी रहे, एक प्रयास यह भी है। इस उत्सव में प्रतिभाशाली बच्चों को भी सम्मानित किया जाएगा।

पत्रकार वार्ता में कलिंग भारती फाउंडेशन की ओर से प्रमुख सदस्य संजय दास, सुधांशु पाढ़ी, सलिल दाश, संतोष राउत, अनिल जेना, रबी नारायण साहू, निरंजन त्रिपाठी, संग्राम पाणिग्रही, जजाति पाल, बिष्णुप्रिया साहू, तनुश्री परिदा, जयश्री दाश, मोनालिशा पाढ़ी, निरुपमा पाल, श्रीमंत बिस्वाल, देवप्रिय, देबाशीष, बिजय मिश्रा, बबीता मिश्रा समेत अनेक लोग मौजूद रहे।
Previous Post Next Post

نموذج الاتصال