दहेज हत्या का मामला: इंजेक्शन देकर पत्नी की हत्या, पति गिरफ्तार
गुरुग्राम, 21 मार्च 2026।
जिला गुरुग्राम के सेक्टर-10 क्षेत्र में 23 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में मामला दहेज हत्या का सामने आया है, जिसमें इंजेक्शन देकर हत्या किए जाने की बात भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, 18 मार्च 2026 को सिविल अस्पताल सेक्टर-10 से सूचना मिली थी कि एक महिला को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही सेक्टर-93 पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
मृतका के भाई ने शिकायत में बताया कि उसकी बहन की शादी नवंबर 2025 में अरुण शर्मा के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही आरोपी पति द्वारा दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और अक्सर मारपीट की जाती थी। पैसों की मांग को लेकर उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था।
शिकायत के अनुसार, 17 मार्च की रात आरोपी ने नशे की हालत में अपनी पत्नी के साथ मारपीट की। अगले दिन 18 मार्च की सुबह वह उसे नीचे कमरे में ले गया, जहां कुछ समय बाद महिला बेहोश हालत में मिली और उसकी नाक से खून बह रहा था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्रित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों के बयान के आधार पर थाना सेक्टर-10 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
जांच के दौरान पुलिस ने 20 मार्च को आरोपी पति अरुण शर्मा (26) को सेक्टर-89, गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह एक नर्सिंग होम में काम करता है और नशा करने का आदी है। उसने बताया कि 18 मार्च को उसने अपनी पत्नी को एक इंजेक्शन लगाया था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। जल्द ही मामले में अन्य तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है।
