फतेहपुर : फतेहपुर की प्रधान हेमलता पटेल राजधानी दिल्ली में सम्मानित,गूंजी सफलता की गाथा
देश की राजधानी नई दिल्ली के प्रतिष्ठित डॉ. अम्बेडकर इंटरनेशनल सेंटर में 'राष्ट्रीय सशक्त नेत्री पंचायत सम्मेलन' भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस गौरवमयी अवसर पर उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद का मान बढ़ाते हुए विकास खंड बहुआ की ग्राम पंचायत सुजानपुर की प्रधान और गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल को भी राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित किया गया |सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित केंद्रीय पंचायती राज मंत्री, विभागीय सचिव और यूनिसेफ (UNICEF) जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने हेमलता पटेल के कार्यों की खुले मन से प्रशंसा की।
कार्यक्रम के दौरान देश भर से आई चुनिंदा महिला प्रतिनिधियों के जीवन संघर्षों और सफलता की कहानियों को प्रसारित किया गया जिसमें हेमलता पटेल के संघर्ष और सुजानपुर महिला हितैषी ग्राम पंचायत बनाने के मॉडल को विशेष रूप से स्थान दिया गया । स्क्रीन पर दिखाई गई सफलता की कहानी ने उपस्थित जनसमूह को प्रेरित किया। इस राष्ट्रीय सम्मेलन में हेमलता पटेल के साथ तेलियानी ब्लॉक की ग्राम पंचायत मिश्रा मऊ की प्रधान बीनू देवी ने भी प्रतिभाग किया जहां विकासात्मक नवाचारों और आधुनिक पंचायत प्रबंधन के गुर सीखे भी सीखे गए |
हेमलता पटेल ने कहा, "डॉ. अम्बेडकर इंटरनेशनल सेंटर जैसे प्रतिष्ठित मंच पर केंद्रीय नेतृत्व और यूनिसेफ के प्रतिनिधियों के बीच उनके कार्यों को पहचान मिलना गौरव की बात है। यह सम्मान हमारी पंचायत के प्रत्येक नागरिक और फतेहपुर जनपद के विश्वास की जीत है। इससे हमें ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में और अधिक ऊर्जा के साथ काम करने की प्रेरणा मिली है।" साथ ही प्रधान हेमलता पटेल ने संघर्ष की इस मुहिम में सभी का आभार भी व्यक्त किया | देश भर से पहुंचीं सशक्त महिला प्रतिनिधियों को बधाई दी |

