खागा के जघन्य अपराध पर भड़कीं हेमलता पटेल गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक

फतेहपुर: खागा के जघन्य अपराध पर भड़कीं हेमलता पटेल गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक : सरकार से की त्वरित न्याय की मांग, दी वृहद आंदोलन की चेतावनी


खागा कोतवाली अंतर्गत हुए सामूहिक दरिंदगी के जघन्य अपराध को लेकर गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन की अध्यक्ष हेमलता पटेल ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सरकार से पीड़िता को त्वरित न्याय दिलाने और दोषियों को पाताल से ढूंढकर सजा देने की पुरजोर मांग की है। 



हेमलता पटेल ने कड़े शब्दों में कहा कि खागा में हुई यह वीभत्स घटना मानवता पर कलंक है और ऐसी दरिंदगी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जा सकती। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में सीधे तौर पर शासन-प्रशासन को निशाने पर लेते हुए कहा कि अपराधी चाहे कितना भी रसूखदार क्यों न हो, उसे सलाखों के पीछे होना ही चाहिए। हेमलता पटेल ने प्रमुखता से निम्नलिखित मांगें रखीं:

कठोरतम दंडात्मक कार्यवाही: मुख्य आरोपी और उसके सहयोगियों को अविलंब गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध ऐसी कार्यवाही की जाए जो नजीर बने।

फास्ट ट्रैक सुनवाई: पीड़िता को 'तारीख पर तारीख' के बजाय तत्काल और त्वरित न्याय सुनिश्चित कराया जाए।

मुआवजा और सुरक्षा: पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा और सुरक्षा प्रदान की जाए |

हेमलता पटेल ने हुंकार भरते हुए सरकार को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही न्याय नहीं मिला, तो गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक चुप नहीं बैठेगी। संगठन की महिलाएं न्याय की खातिर सड़कों पर उतरकर वृहद आंदोलन करने को बाध्य होंगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी |

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال