गुरुग्राम रेड क्रॉस का औचक निरीक्षण, यूथ रेड क्रॉस को सशक्त बनाने पर जोर
गुरुग्राम, 13 अप्रैल 2026: भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष श्री अंकुश मिगलानी ने सोमवार को जिला रेड क्रॉस सोसाइटी, गुरुग्राम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों और अधिकारियों की उपस्थिति जांची तथा सभी को अपने कार्य ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के उपरांत श्री मिगलानी ने जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से आए यूथ रेड क्रॉस (YRC) समन्वयकों के साथ बैठक की। बैठक में यूथ रेड क्रॉस से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई और इसके विस्तार व सुदृढ़ीकरण के लिए नई योजनाओं और विचारों पर मंथन किया गया।
उन्होंने युवाओं को रेड क्रॉस की गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष बल देते हुए समन्वयकों को निर्देश दिए कि महाविद्यालयों में अधिक से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही बताया कि राज्य शाखा द्वारा आयोजित यूथ रेड क्रॉस शिविरों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को ट्रैवलिंग एलाउंस प्रदान किया जाएगा।
श्री मिगलानी ने यह भी जानकारी दी कि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की फीस, समन्वयकों की सिफारिश और सरकारी नियमों के तहत YRC फंड से भरी जा सकेगी। इसके अलावा, महाविद्यालयों में यूथ रेड क्रॉस गतिविधियों के सुचारू संचालन के लिए एक लिपिक की नियुक्ति भी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि हरियाणा राज्य शाखा द्वारा वर्ष में एक बार यूथ रेड क्रॉस के माध्यम से महाविद्यालय स्तर पर स्पोर्ट्स मीट का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्रिकेट और बैडमिंटन प्रमुख खेल होंगे। साथ ही, उत्कृष्ट कार्य करने वाले समन्वयकों और विद्यार्थियों को राज्यपाल द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा।
रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए श्री मिगलानी ने अधिक से अधिक रक्तदान शिविर आयोजित करने पर जोर दिया और बताया कि रक्तदाताओं को राज्य शाखा की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा।
अंत में जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव विकास कुमार ने विभिन्न महाविद्यालयों से आए यूथ रेड क्रॉस समन्वयकों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया।
