विधायक मुकेश शर्मा जी ने वार्ड 29 में लगभग 3 करोड़ की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
गुरुग्राम, 23 मई: गुरुग्राम के विधायक श्री मुकेश शर्मा जी ने शुक्रवार को बलदेव नगर में आयोजित शिलान्यास समारोह में सम्मिलित होकर वार्ड 29 में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। क्षेत्रवासियों की उपस्थिति और उत्साह के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में विकास एवं स्वच्छता को लेकर जनभागीदारी का संदेश भी दिया गया।
लगभग ₹3 करोड़ की लागत से वार्ड 29 में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य करवाए जाएंगे। इन कार्यों के अंतर्गत बलदेव नगर की विभिन्न गलियों में सीवर लाइन एवं सड़क निर्माण कार्य, फिरोज गांधी कॉलोनी में सीवर लाइन निर्माण तथा पूरे वार्ड में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित किए जाने का कार्य शामिल है। विधायक शर्मा ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को मूलभूत सुविधाओं में बड़ी राहत मिलेगी और जलभराव जैसी समस्याओं से भी निजात मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और नगर निगम का उद्देश्य केवल विकास कार्य करवाना ही नहीं, बल्कि लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक करना है। इसी क्रम में कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों को कपड़े के थैले वितरित किए गए तथा सभी ने मिलकर “प्लास्टिक मुक्त गुरुग्राम” बनाने का संकल्प लिया। विधायक ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपनी छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाए, तो शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का सपना जल्द साकार हो सकता है।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने विकास कार्यों के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया और कहा कि लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर वार्ड 29 से पार्षद उषा वर्मा, अर्जुन मंडल अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

