भिवाड़ी में मानवता का उजला चेहरा — लावारिश शवों का विधि-विधान से अंतिम संस्कार कर रही समिति

 भिवाड़ी में मानवता का उजला चेहरा — लावारिश शवों का विधि-विधान से अंतिम संस्कार कर रही समिति


श्री राम सेवा समिति शहर में सेवा, संवेदनशीलता और मानवता की अनूठी मिसाल पेश कर रही है। जहां अक्सर लावारिश शवों की पहचान तक नहीं हो पाती और वे उपेक्षा का शिकार हो जाते हैं, वहीं समिति ऐसे बेसहारा लोगों को भी पूरे सम्मान और धार्मिक रीति-रिवाज के साथ अंतिम विदाई देने का पुण्य कार्य कर रही है।


समिति द्वारा मंगलवार को फूलबाग थाना क्षेत्र में मिले एक अज्ञात व्यक्ति के शव का पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार करवाया गया। समिति सदस्यों ने बताया कि उनका उद्देश्य उन लोगों को भी सम्मानजनक विदाई देना है, जिनके अंतिम समय में कोई अपना साथ देने वाला नहीं होता।


समिति पिछले लंबे समय से भिवाड़ी एवं आसपास के क्षेत्रों में मिलने वाले लावारिश शवों का अंतिम संस्कार करवा रही है। इतना ही नहीं, अंतिम संस्कार के बाद उनकी अस्थियों को भी समिति सदस्य स्वयं गढ़ गंगा लेकर जाते हैं और धार्मिक परंपराओं के अनुसार विसर्जन करवाते हैं।


समिति का यह सेवा कार्य समाज में मानवता और संस्कारों की नई मिसाल बनता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आज के समय में जहां लोग अपनों से भी दूरी बना लेते हैं, वहां बेसहारा और अज्ञात लोगों के लिए किया जा रहा यह कार्य अत्यंत प्रेरणादायक और सराहनीय है।


समिति प्रधान विनीत सिसौदिया ने बताया कि फूलबाग थाना क्षेत्र में मिले अज्ञात व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाने पर समिति द्वारा पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार सम्पन्न करवाया गया।


इस दौरान चंद्रभान, विनीत सिसौदिया, विनय पांडे, कुलदीप मावर, राजवीर स्वामी, कनटू एवं शुभकरण सहित कई लोग उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال