अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में विभिन्न स्थानों पर योगाभ्यास एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
गुरुग्राम, 16 जून 2026।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर भारतीय योगिनी एसोसिएशन, हरियाणा चैप्टर तथा ऑल स्किल एंड रिसर्च (एएसआर) फाउंडेशन द्वारा विभिन्न स्थानों पर योगाभ्यास सत्रों, स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों एवं सामुदायिक वेलनेस कार्यक्रमों का आयोजन एवं सहभागिता की जा रही है।
इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य समाज के सभी वर्गों में योग के समग्र लाभों, स्वस्थ जीवनशैली तथा निवारक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है।
भारतीय योगिनी एसोसिएशन, हरियाणा चैप्टर की राज्य अध्यक्ष डॉ. मौली करमाकर के मार्गदर्शन तथा गुरुग्राम जिला अध्यक्ष योग गुरु शालिनी भल्ला झांब के नेतृत्व में जिले में विभिन्न सामुदायिक योग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में *20 जून 2026 को एएसआर फाउंडेशन, फिरोज गांधी कॉलोनी, गुरुग्राम* में एक विशेष योग जागरूकता सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें निवारक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन तथा स्वस्थ जीवनशैली में योग की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
इसके अतिरिक्त *21 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शिव पार्क, सेक्टर-4, गुरुग्राम* में एक भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय निवासी, महिलाएं, युवा एवं वरिष्ठ नागरिक बड़ी संख्या में भाग लेकर स्वास्थ्य, एकता एवं सामुदायिक सद्भाव का संदेश देंगे। इसी दिन *शक्ति योगशाला, 297, सेक्टर-4, गुरुग्राम* में भी योग प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
योग जागरूकता की इस श्रृंखला में एसोसिएशन की उपाध्यक्ष सुश्री प्रीति मिश्रा द्वारा 7 जून 2026 को भारत सेवा आश्रम, सेक्टर-92, गुरुग्राम में विशाल सामूहिक योग सत्र आयोजित किया गया तथा *21 जून 2026 को सेवा भारती, गांव बाढ़ा, सेक्टर-86, गुरुग्राम* में एक विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में स्वामी अपूर्व महाराज एवं श्रीमती सुनीता धर अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान करेंगे।
कोर टीम सदस्य *श्रीमती प्रीति कपूर* द्वारा 7 जून 2026 को जिमखाना क्लब, सेक्टर-4, गुरुग्राम में “स्वस्थ वृद्धावस्था हेतु सामुदायिक आउटडोर योग कार्यक्रम” आयोजित किया गया, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों एवं स्थानीय निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इसी क्रम में गुरुग्राम जिला उपाध्यक्ष श्रीमती नेहा तनेजा द्वारा 10 जून 2026 को सेक्टर-82, गुरुग्राम में किड्स समर योगा कैंप का आयोजन किया गया। इस शिविर में बच्चों को योग, प्राणायाम, ध्यान तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जानकारी दी गई और उन्हें नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं, डॉ. मौली करमाकर के नेतृत्व में 20 एवं 21 जून 2026 को एजीएमसी एवं जीबीपी अस्पताल, अगरतला (त्रिपुरा) में दो दिवसीय योग एवं वेलनेस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस विशेष कार्यक्रम में स्वास्थ्यकर्मियों, विद्यार्थियों, मरीजों तथा आम नागरिकों के लिए चिकित्सीय योग, तनाव प्रबंधन, प्राणायाम, ध्यान एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं में पारंपरिक वेलनेस पद्धतियों के समावेशन पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।
डॉ. मौली करमाकर एवं योग गुरु शालिनी भल्ला झांब ने कहा कि, “योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और सामाजिक समरसता का सशक्त माध्यम है। इन सामुदायिक कार्यक्रमों के माध्यम से हमारा प्रयास है कि अधिक से अधिक लोग योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं और स्वस्थ, जागरूक एवं खुशहाल समाज के निर्माण में योगदान दें।”
एम. पी. शर्मा, अध्यक्ष, एएसआर फाउंडेशन ने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से यह अभियान एक व्यापक जन-स्वास्थ्य आंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर रहा है, जो “स्वस्थ भारत – समृद्ध भारत” के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

