गुरुग्राम। भीषण गर्मी के बीच मानव सेवा का सुंदर उदाहरण पेश करते हुए रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित बाबा प्रकाश पुरी चौक पर श्री श्याम प्रेमियों द्वारा विशाल शर्बत छबील का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सुबह 11 बजे से शुरू हुआ, जिसमें दर्जनों सेवादारों ने राहगीरों और वाहन चालकों को रोक-रोककर मीठे शीतल जल और शर्बत का सेवन कराया।
सेवा कार्य में शामिल श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक था। तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच श्रद्धालु पूरे समर्पण भाव से लोगों की सेवा करते नजर आए। आयोजन में राहुल दहिया, राजन, विनय, सोनू, कृष्ण, अर्जुन, संतोष, संदीप, अनुज, विक्की, राजेश, जगदीश चंद्र सहित कई सेवादारों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
इस अवसर पर धर्म प्रेमियों ने कहा कि धर्म ग्रंथों में जलदान को सबसे बड़ा दान बताया गया है। गर्मी के मौसम में प्यासे लोगों को शीतल जल पिलाना पुण्य का कार्य है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी आग्रह किया कि वे आगे आकर आमजन की सेवा के लिए जगह-जगह छबील लगाएं, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।
राहुल दहिया ने बताया कि छबील में वितरित किया गया शर्बत पूरी तरह से स्वदेशी तरीके से तैयार किया गया था। इसमें 100 प्रतिशत नींबू और चीनी का इस्तेमाल किया गया तथा किसी भी प्रकार के केमिकल का प्रयोग नहीं किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने शीतल शर्बत का सेवन कर आयोजकों का आभार व्यक्त किया।


