अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आशीर्वाद गार्डन में उमड़ा जनसैलाब।
भक्ति, योग, अध्यात्म और सामाजिक एकता का भव्य संगम।
गुरुग्राम, जून: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ज्योति पार्क स्थित आशीर्वाद गार्डन में पंजाबी बिरादरी महासंगठन गुड़गांव के तत्वाधान में एक भव्य और दिव्य योग समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व महासंगठन के अध्यक्ष श्री बोधराज सीकरी, प्रधान श्री ओमप्रकाश कथूरिया, वरिष्ठ उपप्रधान श्री प्रमोद सलूजा ने किया।
आयोजन में लगभग 1000 से 1200 साधकों ने सहभागिता कर योग, स्वास्थ्य एवं सनातन संस्कृति के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। कार्यक्रम का आयोजन डॉ परमेश्वर अरोड़ा द्वारा संचालित 'अथ सनातन योगस्थली' तथा योगाचार्य श्री राजपाल अहूजा द्वारा संचालित 'ओम योग संस्थान' की शाखा 'तक्ष योगा' के सहयोग से संपन्न हुआ।
समारोह का शुभारंभ ईश्वर वंदना से हुआ। इसके उपरांत योगाचार्य श्री राजपाल अहूजा ने योग सत्र का संचालन करते हुए लगभग आधे घंटे तक विभिन्न योग क्रियाओं एवं प्राणायाम के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को सक्रिय एवं ऊर्जावान किया। इसके पश्चात प्रसिद्ध आयुर्वेदाचार्य एवं योगाचार्य विशेषज्ञ डॉ. परमेश्वर अरोड़ा ने स्वास्थ्य, योग और संतुलित जीवनशैली पर अपने प्रेरणादायक विचार प्रस्तुत कर समूचे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से लबालब भर दिया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्रोच्चारण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नृत्य, नन्हे-मुन्ने बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियां तथा कलाकारों के प्रेरणादायक प्रदर्शन ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। खचाखच भरे आशीर्वाद गार्डन में उपस्थित लोगों ने इन प्रस्तुतियों की भरपूर सराहना की और आनंद लिया।
अपने संबोधन में श्री बोधराज सीकरी ने कहा कि योग की परंपरा भगवान महादेव से प्रारंभ होकर योगीराज श्री कृष्ण एवं महर्षि पतंजलि के माध्यम से मानवता तक पहुंची। आज यही योग विश्व के 205 देशों में अपनी गूंज स्थापित कर चुका है। उन्होंने कहा कि इस वैश्विक उपलब्धि का श्रेय भारत के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को जाता है, जिनके प्रयासों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को वैश्विक मान्यता लगभग 12 वर्ष पूर्व प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि आज भारत सहित पूरा विश्व योगमय होता जा रहा है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक श्री प्रताप सिंह जी ने अपने उद्बोधन में योग के आध्यात्मिक पक्ष पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को भारतीय संस्कृति, आत्मअनुशासन और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया। गुरुग्राम के महानगर संघचालक तथा समाजसेवी डॉ. अशोक दिवाकर और श्री जगदीश ग्रोवर जी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
उद्योगपति श्री चंद्रशेखर तनेजा को मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होना था, परंतु अंतरराष्ट्रीय उड़ान स्थगित होने के कारण वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, परंतु दूरभाष के माध्यम से आयोजकों को और प्रतिभागियों को अपनी शुभकामनाएं उन्होंने प्रेषित की।
कार्यक्रम की सफलता में बिरादरी के ऊर्जावान सदस्यों में श्री रामलाल ग्रोवर, श्री गजेंद्र गोसाईं, श्री अनिल कुमार, श्री युधिष्ठिर अलमादी, श्री रमेश कामरा, श्री किशोरी लाल दुडेजा, श्री रवि मनोचा की विशेष भूमिका रही। महिला वर्ग से श्रीमती रचना बजाज, डॉ. अलका शर्मा, श्रीमती शालू वर्मा, श्रीमती नीतू सिंह एवं श्रीमती गीता ने उल्लेखनीय योगदान दिया।
इसके अतिरिक्त श्री संदीप जी (कोषाध्यक्ष, बिरादरी), श्री सुभाष ग्रोवर, श्री सुभाष नागपाल, श्री सतपाल नासा, विनोद वर्मा, संदीप, श्रीमती पुष्पा नासा, श्री रमेश कालरा, श्री लीलू बुद्धिराजा, श्री संजय तनेजा, श्री हरीश चावला, श्री सुभाष गांधी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों एवं कार्यकर्ताओं ने सेवा, समर्पण और संगठन क्षमता का उत्कृष्ट परिचय दिया।
अंत में पंजाबी बिरादरी महासंगठन के प्रधान श्री ओमप्रकाश कथूरिया ने सभी अतिथियों, योगाचार्यों, प्रतिभागियों, सहयोगियों का आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
आयोजकों के अनुसार, गुरुग्राम में सरकारी स्तर पर आयोजित योग दिवस समारोह के अतिरिक्त संभवतः यह आयोजन ऐसा है जो इतनी संख्या में... आने वाले दिनों में इसे याद रखा जाएगा, जहां पर एकत्र होकर लोगों ने योग, अध्यात्म, स्वास्थ्य और सामाजिक एकता का अद्भुत उदाहरण पेश किया। यह आयोजन ना केवल योग का उत्सव था, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और सामूहिक चेतना का भी प्रेरणादायक संदेश बनकर उभरा।
अंत में राष्ट्रगान और हनुमान चालीसा पाठ के साथ इस भव्य आयोजन का प्रासाद वितरण से समापन किया गया। अथ सनातन योग स्थली के साधकों का सहयोग प्रशंसनीय रहा l
