गुरुग्राम सरकारी अस्पताल के निर्माण के लिए HSIIDC को बनाया गया निर्माण एजेंसी

 


गुरुग्रामवासियों को बड़ी सौगात

गुरुग्राम सरकारी अस्पताल के निर्माण के लिए HSIIDC को बनाया गया निर्माण एजेंसी

1,054 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी नई सिविल अस्पताल बिल्डिंग

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के दिए निर्देश

चंडीगढ़, 4 जून। हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए शहर में बनने वाले नए सिविल अस्पताल के निर्माण के लिए हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (HSIIDC) को कार्यकारी एजेंसी नियुक्त किया है।

इस परियोजना की जानकारी देते हुए हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री श्रीमती आरती सिंह राव ने बताया कि अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह नया अस्पताल गुरुग्राम में पुलिस लाइन के पास बनाया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य परियोजना पर लगभग 1,054 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र की सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि अस्पताल के निर्माण और पूरे कार्य की निगरानी की जिम्मेदारी HSIIDC को सौंपी गई है ताकि परियोजना को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पूरा किया जा सके। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि परियोजना से जुड़ी सभी प्रशासनिक और प्रक्रियात्मक औपचारिकताओं को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।

जनता को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अस्पताल का निर्माण दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में 400 बेड की आधुनिक सुविधा विकसित की जाएगी, जिससे शहरवासियों की तत्काल स्वास्थ्य जरूरतों को पूरा किया जा सके। दूसरे चरण में अतिरिक्त 200 बेड की सुविधा जोड़ी जाएगी, जिससे यह अस्पताल भविष्य में बड़ी आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने वाला आधुनिक चिकित्सा संस्थान बन सकेगा।

श्रीमती आरती सिंह राव ने इस महत्वपूर्ण परियोजना की शीघ्र शुरुआत करवाने के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल के पूर्ण होने के बाद गुरुग्राम और आसपास के लाखों लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال