विश्व पर्यावरण दिवस पर डीजीसी में हुआ वृक्षारोपण अभियान
लाडो कटारिया ने भेंट किए 21 आम के पौधे, शिक्षकों व कर्मचारियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
गुरुग्राम, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुग्राम के सबसे पुराने उच्च शिक्षण संस्थान द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय (डीजीसी) में विशेष वृक्षारोपण एवं हरित परिसर अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी लाडो कटारिया ने महाविद्यालय को 21 आम के पौधे तथा अनेक सजावटी प्लांटर्स भेंट किए।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) पुष्पा अंतिल ने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधों को अपनाने और उनके साथ आत्मीय जुड़ाव स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ भविष्य भी सुनिश्चित करते हैं।
वृक्षारोपण कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के माली विनोद, अजय, सूरता, शिवानी एवं सरोज का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण तथा हरित परिसर को बनाए रखने का संकल्प लिया।गौरतलब है कि गुरुग्राम का सबसे पुराना उच्च शिक्षा संस्थान द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय अपने विस्तृत हरित परिसर (ग्रीन कैंपस) के लिए जाना जाता है और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।
