गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा की मौजूदगी में सेक्टर-56 डाकघर का नवीनीकृत भवन लोकार्पित
केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने वर्चुअल रूप से किया उद्घाटन
सेक्टर-56 के नवीनीकृत डाकघर से क्षेत्रवासियों को मिलेंगी बेहतर आधुनिक सुविधाएं : मुकेश शर्मा
गुरुग्राम, 24 अगस्त।
सेक्टर-56 स्थित डाकघर के नवीनीकृत भवन का सोमवार को
केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने वर्चुअल रूप से उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. चंद्र शेखर पेम्मासानी भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। गुरुग्राम में आयोजित कार्यक्रम में विधायक मुकेश शर्मा, मेयर राज रानी मल्होत्रा, चीफ पोस्टमास्टर जनरल हरियाणा परिमंडल कार्यालय मनीषा बंसल बादल व वार्ड नंबर 20 से निगम पार्षद नारायण भड़ाना मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि सेक्टर-56 डाकघर के नवीनीकरण से क्षेत्र के नागरिकों को डाक एवं अन्य संबंधित सेवाएं अधिक बेहतर, सुविधाजनक और आधुनिक वातावरण में उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम तेजी से विकसित हो रहा शहर है और बढ़ती आबादी के अनुरूप नागरिक सुविधाओं को निरंतर मजबूत किया जाना आवश्यक है। नवीनीकृत डाकघर क्षेत्रवासियों के लिए बेहतर सेवा सुविधा के रूप में काम करेगा।
श्री मुकेश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकारी सेवाओं को आधुनिक तकनीक, बेहतर आधारभूत सुविधाओं और नागरिक केंद्रित व्यवस्थाओं से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। डाक विभाग भी समय के साथ अपनी सेवाओं को आधुनिक बना रहा है। सेक्टर-56 डाकघर का नवीनीकरण इसी व्यापक विकास यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे नागरिकों को अधिक सुगम और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिलेंगी।
विधायक ने कहा कि गुरुग्राम में नागरिक सुविधाओं का विस्तार और उन्हें बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है। केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत की परिकल्पना तभी साकार होगी, जब शहरों और गांवों में नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं और आधुनिक सेवाएं उपलब्ध हों। आने वाले समय में भी क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि सेक्टर-56 डाकघर के नवीनीकरण का डिजाइन नई दिल्ली स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर द्वारा तैयार किया गया है। नवीनीकरण के बाद डाकघर को आधुनिक स्वरूप प्रदान किया गया है, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को अधिक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक वातावरण में डाक सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
*डाकघर में मिलेंगी विभिन्न आधुनिक सुविधाएं*
चीफ पोस्टमास्टर जनरल हरियाणा परिमंडल कार्यालय मनीषा बंसल बादल ने बताया कि नवीनीकृत सेक्टर-56 डाकघर में नागरिकों को स्पीड पोस्ट, स्पीड पोस्ट पार्सल, इंडिया पोस्ट पार्सल (रिटेल), डाकघर निर्यात केंद्र, जन सेवा कनेक्ट, डाकघर बचत बैंक, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, डाक जीवन बीमा तथा गंगाजल की बिक्री सहित विभिन्न डाक एवं वित्तीय सेवाओं का लाभ मिलेगा। इसके अलावा के ग्राहकों को कस्टमर फ्रेंडली एनवायरनमेंट, डिजिटल डिसप्ले द्वारा पोस्ट ऑफिस की सभी सेवाओं की जानकारी, क्यू मैनेजमेंट सिस्टम, ग्राहकों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था तथा सुन्दर वातावरण के साथ इस पोस्ट ऑफिस का निर्माण किया गया है l
इस अवसर पर राधिका धीर निदेशक डाक सेवाएँ (मुख्यालय), सुमित गाट प्रवर अधीक्षक डाकघर गुड़गांव मंडल, तिलक राज मैनेजर बी पी सी गुडगाँव, गुलशन कुमार अधीक्षक मुख्यालय गुडगाँव, जवाहर सिंह सहायक अधीक्षक मुख्यालय गुड़गांव व अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
