तिरंगे के रंग में रंगा द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय, गुरुग्राम का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह
द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय, गुरुग्राम में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओत-प्रोत 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में महाविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकगण, गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों सहित समस्त महाविद्यालय परिवार ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह की मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्या प्रो. मनीषा राणा ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। अपने संबोधन में उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए युवाओं का आह्वान किया कि वे जीवन में क्रोध के स्थान पर संयम को अपनाएं। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक और विशेषकर युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं को अनुशासन, जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।
समारोह की मुख्य वक्ता पद्मश्री प्रोफेसर डॉ. सुनील डबास ने तिरंगे की आन, बान और शान के लिए युवाओं को प्रेरित किया। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रो. राजकुमार शर्मा ने भी शहीदों को श्रद्धापूर्वक सलाम करते हुए युवाओं से कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने और देश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।ड्रा विशाल यादव ने मंच संचालन करते हुए युवाओं को प्रेरित किया।
समारोह का विशेष आकर्षण महाविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवकों,खिलाड़ियों और एनसीसी कैडेट्स का शानदार मार्च पास्ट रहा। एनसीसी कैडेट्स को लीड करते हुए कैप्टेन डॉ सुशील सैनी और डॉ संगीता शर्मा, वही एनएसएस को लीड करते हुए डॉ सीमा चौधरी एवं डॉ गोविंद ने तिरंगा यात्रा में अहम योगदान दिया। इसके पश्चात महाविद्यालय की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों, खिलाड़ियों तथा स्टाफ सदस्यों के साथ साथ कॉलेज परिवार के सभी सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। टीचिंग फैकल्टी से महिलाओं की भी काफी तादात ने तिरंगा यात्रा भाग लिया, प्रो डॉ तरुणलता,ज्योति यादव,कविता सहरावत,प्रीति कुमारी, मनीषा, मनोज, अनु, बीना, सुमन, तूबा, रचना तथा प्रो कर्मवीर अशोक, कर्मवीर, जतिन, मनीष, राकेश,रवि शंकर, राहुल, ऋतिक, वैशाली तथा नॉन टीचिंग से संजय, रवि, सुखबीर, अजय, जसबीर, नितिन, विकास, रामभरोसे, आशीष, प्रताप, मोती, गोपाल सहित अनेक सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों की इस यात्रा ने शहरवासियों और आसपास के ग्रामवासियों का मन मोह लिया तथा पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति के भाव से भर गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। समारोह ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, एकता, अनुशासन, संयम और राष्ट्रीय कर्तव्य की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।

