औद्योगिक इकाइयों में योगासन और वाई-ब्रेक से श्रमिकों का स्वास्थ्य होगा बेहतर : दीपक मैनी
हरियाणा सरकार द्वारा औद्योगिक इकाइयों में प्रतिदिन पांच मिनट का ‘वाई-ब्रेक’ (कार्यस्थल पर योग ब्रेक) शुरू करने की पहल का स्वागत करते हुए प्रोग्रेसिव फैडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (पीएफटीआई) के चेयरमैन दीपक मैनी ने कहा कि यह श्रमिकों और कर्मचारियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में एक सराहनीय और दूरदर्शी कदम है।
दीपक मैनी ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में कर्मचारी और श्रमिक लंबे समय तक कार्य करते हैं। ऐसे में कार्यस्थल पर कुछ मिनट का योग एवं शारीरिक अभ्यास उन्हें तनावमुक्त रखने, कार्यक्षमता बढ़ाने और स्वस्थ वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। सरकार द्वारा प्रत्येक शिफ्ट में 50 कर्मचारियों पर एक प्रशिक्षित कर्मचारी की व्यवस्था किए जाने से इस पहल को प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ श्रमिक ही मजबूत उद्योग और मजबूत अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं। PFTI इस पहल का पूर्ण समर्थन करता है और औद्योगिक प्रतिष्ठानों से भी अपील करता है कि वे ‘वाई-ब्रेक’ को केवल सरकारी निर्देश के रूप में नहीं, बल्कि श्रमिक कल्याण और स्वस्थ कार्यसंस्कृति के महत्वपूर्ण हिस्से के रूप में अपनाएं।
उन्होंने कहा कि उद्योगों में योग और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने से कर्मचारियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा तथा औद्योगिक उत्पादकता और कार्यस्थल के वातावरण पर भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। पीएफटीआई श्रमिकों और उद्योगों के हित में ऐसी सभी स्वास्थ्य एवं कल्याणकारी पहलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर सहयोग करता रहेगा।
