द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय में तीसरी फिजिकल काउंसलिंग में भी उमड़ा छात्रों का हुजूम
— कार्यवाहक प्राचार्या प्रो. मनीषा राणा
गुरुग्राम, 13 अगस्त 2026। द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय, गुरुग्राम में आज तीसरी एवं अंतिम फिजिकल काउंसलिंग का आयोजन किया गया। काउंसलिंग को लेकर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला और महाविद्यालय परिसर में छात्रों का हुजूम उमड़ पड़ा। विद्यार्थियों ने महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं, सकारात्मक वातावरण तथा सहयोगी स्टाफ के प्रति विशेष रुचि एवं विश्वास व्यक्त किया।
काउंसलिंग प्रक्रिया को सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में महाविद्यालय के कंप्यूटर विभाग एवं कंप्यूटर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कंप्यूटर फैकल्टी तथा प्रवेश से संबंधित विभिन्न समितियों के कन्वीनरों और उनकी टीमों ने पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य किया। आर्ट्स की ओर से प्रो. कर्मवीर एवं राजकुमार, कॉमर्स से डॉ. तरुणलता, बीबीए से डॉ. पूनम शर्मा, बीसीए से डॉ. परमिंदर, मैथ्स से डॉ. सुशील सैनी तथा सभी ऑनर्स पाठ्यक्रमों की ओर से डॉ. अंजना नागपाल एवं उनकी टीम ने विद्यार्थियों की विभिन्न जिज्ञासाओं एवं समस्याओं का समाधान किया।
अनुशासन व्यवस्था को बनाए रखने में डॉ. सुनील डबास, डॉ. विकासदीप यादव, डॉ. विजय दहिया, मनीष, ऋतिक, जतिन, प्रवीण, ज्योति यादव, कविता सहित अनुशासन टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एनसीसी एवं एनएसएस के विद्यार्थियों ने भी पूरी तत्परता के साथ सहयोग करते हुए काउंसलिंग प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने में योगदान दिया।
महाविद्यालय प्रशासन की ओर से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया। परिसर में ही स्टेपलर, पिन, टैग, फोटोकॉपी (जेरॉक्स) सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, ताकि काउंसलिंग के लिए आने वाले विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कंप्यूटर प्रकोष्ठ की अधिकारी डॉ. सोनिका एवं डॉ. अलका, संबंधित नोडल अधिकारियों तथा महिला शिक्षिकाओं ने अपनी उपस्थिति एवं कुशल संचालन से काउंसलिंग की पूरी व्यवस्था को बखूबी संभाला। उनके नेतृत्व एवं समर्पण से काउंसलिंग प्रक्रिया व्यवस्थित, सुचारु एवं विद्यार्थी-केंद्रित रही।
महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि जो विद्यार्थी पहली ओपन प्रवेश प्रक्रिया से वंचित रह गए थे, उनके लिए 13 अगस्त से ओपन प्रवेश प्रक्रिया पुनः प्रारंभ की गई है। स्नातक स्तर की अधिकतर सीटें भर चुकी हैं। आज की सूची के बाद यदि कुछ सीटें रिक्त रहती हैं, तो सेंटर कमेटी का गठन कर नियमानुसार शेष सीटों को भरने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वहीं, स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया अभी भी जारी है।
महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्या प्रो. मनीषा राणा ने कहा कि विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का महाविद्यालय के प्रति बढ़ता विश्वास यहां उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित वातावरण और समर्पित शिक्षकीय एवं गैर-शिक्षकीय स्टाफ का परिणाम है। उन्होंने काउंसलिंग प्रक्रिया में सहयोग करने वाले सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, एनसीसी एवं एनएसएस स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।
गुरुग्रामवासियों के बीच द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय विद्यार्थियों एवं खिलाड़ियों की पहली पसंद के रूप में लगातार अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। महाविद्यालय का अनुशासित एवं सहयोगी वातावरण, योग्य एवं समर्पित शिक्षकीय स्टाफ, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां विद्यार्थियों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं। महाविद्यालय लगातार 8 वर्षों से विश्वविद्यालय का ओवरऑल चैंपियन बना हुआ है। यही उपलब्धि महाविद्यालय को हरियाणा के अग्रणी महाविद्यालयों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
