महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की पहल, ‘कौर प्रिन्योर’ ने गुरुग्राम में आयोजित किया विशेष कार्यक्रम
गुरुग्राम। महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने तथा उन्हें अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए एक-दूसरे से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुग्राम की गुरप्रीत कौर और गुरप्रीत नरूला द्वारा ‘कौर प्रिन्योर’ के बैनर तले एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गुरुग्राम के एक निजी होटल में आयोजित इस कार्यक्रम में दिल्ली-एनसीआर से बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना चुकी इनाया कौर, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सिंपल अरोड़ा, हॉलिडे एक्सपर्ट पूनम प्रीत कौर और वेलनेस एक्सपर्ट जसप्रीत कौर विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने अपने-अपने बिजनेस मॉडल, अनुभव और उपलब्धियों को साझा किया। साथ ही एक-दूसरे के व्यवसाय को बढ़ावा देने और आपसी सहयोग के माध्यम से आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने मनोरंजन के साथ पंजाबी संस्कृति और भाषा को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया। महिलाओं ने पंजाबी गीतों पर नृत्य और गायन कर जमकर आनंद लिया। आयोजकों ने कहा कि बच्चों में पंजाबी भाषा और संस्कृति के प्रति लगाव बढ़ाना भी इस पहल का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
‘कौर प्रिन्योर’ की इस पहल को महिलाओं के व्यावसायिक सशक्तिकरण, नेटवर्किंग और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
