गंदगी साफ होती नहीं मगर गंदगी से बिजली बनाने के सपने दिखा रही है भाजपा सरकार: भारत मदान

 गंदगी साफ होती नहीं मगर गंदगी से बिजली बनाने के सपने दिखा रही है भाजपा सरकार: भारत मदान


गुरुग्राम, 26 अगस्त 2026:  
मुख्यमंत्री द्वारा कचरे से 50 मेगावाट बिजली बनाने के लिए चार इंटीग्रेटेड वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। दावा किया गया है कि हिसार, अंबाला, फरीदाबाद और गुरुग्राम क्लस्टर में ये संयंत्र स्थापित होंगें। जहां पर रोजाना पांच हजार टन कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निपटान करके बिजली बनाई जाएगी। सरकार शहरों में सफाई तो करवा नहीं पा रही है और सपने गंदगी से बिजली बनाने के दिखा रही है। कांग्रेस नेता भारत मदान ने इसे सिर्फ कागजी सपना बताया है, जो कभी सच नहीं होगा।
भारत मदान ने कहा कि अब से पहले भी गुरुग्राम में गंदगी से बिजली बनाने के सपने दिखाए गए थे। आज जनता जानती है कि हकीकत क्या है। यहां अधिकारी, नेता, मंत्री सब अपने भले के लिए काम कर रहे हैं। जनता को सुविधाएं देने से किसी को कोई मतलब नहीं है। मदान ने कहा कि इस तरह के हवा-हवाई सपने दिखाना कोई नयी बात नहीं है। 

पहले भी भाजपा सरकार ने ऐसे सपने दिखाए हैं। जनता अब सरकार की इस तरह की बातों, योजनाओं पर विश्वास नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि आज पूरा हरियाणा गंदगी से युक्त है। हर गली, मुहल्ला, सडक़ गंदगी से अटी पड़ी है। सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी के ढेर लगे हैं। जनता गंदगी के ढेरों पर चलकर जाने को मजबूर है, लेकिन सरकार हड़ताली सफाई कर्मचारियों की मांग मानने को तैयार नहीं है। सरकार की हठधर्मिता प्रदेश की जनता पर भारी पड़ रही है। क्योंकि आम आदमी सफाई ना होने के कारण गंदगी झेलने को मजबूर है। घरों के दरवाजों के आगे गंदगी के ढेर लगे हैं। बाजारों में दुकानों के आगे गंदगी के ढेर लगे हैं। जनता से टैक्स वसूलकर भी सरकार सुविधाएं देने में विफल है। एसी कमरों में बैठकर बड़ी बातें तो सरकार कर सकती है, लेकिन शहरों में सफाई करवाना सरकार के बस की बात नहीं रही।  

भारत मदान ने कहा कि गुरुग्राम की जनता को अब भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है। ना तो यहां पर जिला प्रशासन कुछ कर पा रहा है। ना जीएमडीए और ना ही नगर निगम। लोगों के घरों, कार्यालयों को गिराने में यहां का प्रशासन अव्वल है, मगर सुविधाएं देने के मामले में जीरो साबित हो रहा है। नगर निगम सिर्फ वसूली का विभाग बन गया है। जनता की सुविधा के लिए निगम कुछ नहीं कर पा रहा। इसलिए सरकार को ऐसे सपने दिखाने बंद कर देने चाहिए, जो कभी सच ही नहीं हो सकते। 

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال