डॉ. अर्चिका फाउंडेशन के सहयोग से ‘मानसिक शक्ति – मेंटल वेलनेस वर्कशॉप’ का आयोजन किया गया

 गुरुग्राम। भगवान श्री गौरीशंकर की पावन कृपा एवं विश्व जागृति मिशन के संस्थापक परम पूज्य श्री सुधांशु जी महाराज जी की पावन प्रेरणा से श्री गौरीशंकर मंदिर, विश्व जागृति मिशन गुरुग्राम मंडल में आज डॉ. अर्चिका फाउंडेशन के सहयोग से ‘मानसिक शक्ति – मेंटल वेलनेस वर्कशॉप’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं नागरिकों ने उत्साह, आनंद और आत्मीयता के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण 45 मिनट का ऑनलाइन टीवी वेलनेस सेशन रहा, जिसमें मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच, तनाव प्रबंधन एवं संतुलित जीवनशैली से जुड़े उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान  किए गए ।

कार्यक्रम का शुभारंभ पावन दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात गणपति वंदना, सरस्वती वंदना एवं गुरु वंदना से पूरा वातावरण भक्तिमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो गया। विश्व जागृति मिशन मुख्यालय आनंदधाम से पधारे श्री विष्णुदेव पांडे जी एवं श्री ललित जी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।



कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में विश्व जागृति मिशन मुंबई मंडल, वर्धानलोक आश्रम से पधारे आचार्य श्री अमन तिवारी जी उपस्थित रहे। आचार्य जी ने गुरु भक्ति पर सुंदर प्रस्तुति के माध्यम से उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक भाव से जोड़ा तथा अपने प्रेरणादायी विचारों से सकारात्मक जीवन का संदेश दिया।


इस अवसर पर श्री गौरीशंकर मंदिर एवं विश्व जागृति मिशन गुरुग्राम मंडल की ओर से डॉ. अर्चिका फाउंडेशन की टीम से पधारे श्री साहिल कांबोज जी, आचार्य श्री अमन तिवारी जी, श्री विष्णुदेव पांडे जी एवं श्री ललित जी का माला अर्पण कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।


कार्यक्रम के दौरान मंडल से जुड़े सेवाभावी सदस्यों का नागरिक अभिनंदन भी किया गया। संस्था के कार्यों में निरंतर सेवा, श्रद्धा एवं समर्पण के साथ सहयोग देने वाले श्री रमेश बाली जी, श्री ए.एन. बाली जी, श्रीमती कमला गुप्ता जी एवं श्री जितेन्द्र जी का विशेष रूप से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। संस्था की ओर से उनके निरंतर सहयोग एवं सेवाभाव के लिए कृतज्ञता व्यक्त की गई।


कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्था के सभी पदाधिकारियों एवं महिला मंडल की सेविकाओं का विशेष सहयोग रहा। सभी ने पधारे हुए अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।


कार्यक्रम के समापन अवसर पर आचार्य हरीश उपाध्याय जी ने सभी अतिथियों, सहयोगियों, संस्था के पदाधिकारियों, महिला मंडल की सेविकाओं एवं उपस्थित भक्तजनों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक चिंतन एवं आध्यात्मिक चेतना एक सुखी, स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के महत्वपूर्ण आधार हैं।


उन्होंने कहा कि परम पूज्य श्री सुधांशु जी महाराज जी के आध्यात्मिक मार्गदर्शन एवं भगवान श्री गौरीशंकर की पावन कृपा से समाज में ऐसे सेवा एवं जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित होते रहें, यही हमारा संकल्प है।


कार्यक्रम का संदेश रहा—


“स्वस्थ मन, सकारात्मक विचार और आध्यात्मिक चेतना से ही स्वस्थ परिवार एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है।”


Previous Post Next Post

نموذج الاتصال