गुरुग्राम के दौलताबाद पीएचसी को सीएचसी में किया जाएगा अपग्रेड : स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव
गुरुग्राम, 26 अगस्त।
हरियाणा सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम जिले के दौलताबाद स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेड करने के महत्वपूर्ण प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है।
इस निर्णय की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य सभी नागरिकों को उनके घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। इसी दिशा में स्वास्थ्य संस्थानों को आवश्यकता के अनुसार अपग्रेड किया जा रहा है, ताकि लोगों को उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर न रहना पड़े।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दौलताबाद पीएचसी के सीएचसी में अपग्रेड होने से आसपास के गांवों के लोगों को पहले की अपेक्षा बेहतर एवं व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। सीएचसी के रूप में विकसित होने के बाद यहां अधिक बिस्तरों, बेहतर जांच सुविधाओं, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं तथा विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने का अवसर मिलेगा।
आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार महत्वपूर्ण फैसले ले रही है। दौलताबाद पीएचसी का सीएचसी में अपग्रेड होना क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात है और इससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं पहुंच में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ हरियाणा” के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार ग्रामीण और शहरी, दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
