आईकैट में दो दिवसीय ईवी प्रदर्शनी का समापन, उद्यमियों को मिला कारोबार के नए अवसरों का मंच
मानेसर, 3 सितंबर। आईकैट, आईएमटी मानेसर में आयोजित दो दिवसीय ईवी (इलेक्ट्रिक व्हीकल) प्रदर्शनी का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रदर्शनी का आयोजन एमएसएमई करनाल द्वारा मानेसर इंडस्ट्रियल वेलफेयर एसोसिएशन (MIWA) और लघु उद्योग भारती (LUB), मानेसर के सक्रिय सहयोग एवं समर्थन से किया गया।
प्रदर्शनी में उद्यमियों को अपने उत्पादों और तकनीकों को प्रदर्शित करने के साथ-साथ नए कारोबारी अवसर तलाशने तथा उद्योग जगत से जुड़े हितधारकों के साथ संपर्क और सहयोग बढ़ाने का मंच मिला। आयोजकों का कहना है कि इस तरह के आयोजन छोटे एवं मध्यम उद्यमों के लिए नए बाजार और व्यापारिक संभावनाओं के द्वार खोलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से ईवी क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों और उद्योग प्रतिनिधियों के बीच संवाद एवं सहयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। भविष्य में भी इस प्रकार की प्रदर्शनियों और औद्योगिक पहलों से बड़ी संख्या में उद्यमियों को लाभ मिलने की उम्मीद जताई गई।
आयोजकों ने प्रदर्शनी को सफल बनाने के लिए एमएसएमई करनाल, सभी प्रदर्शकों, प्रतिभागियों, उद्यमियों, आईकैट एवं उसके सहयोगी स्टाफ सहित आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
आयोजकों ने कहा कि ऐसे प्रयास मजबूत एमएसएमई इकोसिस्टम के निर्माण के साथ-साथ ‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। साथ ही, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण के लिए उद्यमियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
