सरकारी संपत्ति पर अवैध पोस्टर लगाने के मामले में आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम, 16 सितंबर। नगर निगम गुरुग्राम (MCG) की शिकायत पर सरकारी एवं सार्वजनिक संपत्ति को अवैध पोस्टरों से विकृत करने के मामले में थाना सदर गुरुग्राम पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कबीर उर्फ कबीर जी रहीस, निवासी मोती नगर मेट्रो स्टेशन के नजदीक, दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 23 जून 2026 को नगर निगम की विज्ञापन प्रवर्तन टीम ने इस्लामपुर क्षेत्र का निरीक्षण किया था। इस दौरान स्ट्रीट लाइट के पोल, दीवारों तथा अन्य सरकारी सार्वजनिक संपत्तियों पर बिना अनुमति ज्योतिष एवं वशीकरण संबंधी विज्ञापन पोस्टर लगे पाए गए। इन पोस्टरों पर मोबाइल नंबर भी अंकित थे।
इस संबंध में नगर निगम गुरुग्राम की ओर से 1 सितंबर 2026 को थाना सदर पुलिस को शिकायत दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हरियाणा प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंट ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कबीर उर्फ कबीर जी रहीस को 15 सितंबर 2026 को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है और अभियोग की जांच अभी जारी है।