नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों को विजयदशमी महोत्सव में किया सम्मानित



नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों को विजयदशमी महोत्सव में किया सम्मानित


गुरुग्राम, 21 अक्टूबर 2026। विश्व हिंदू परिषद, जिला गुरुग्राम के तत्वावधान में श्री शक्ति मंदिर समिति, सेक्टर-23, गुरुग्राम द्वारा आयोजित भव्य विजयदशमी महोत्सव में नशामुक्त समाज के निर्माण एवं नशे के विरुद्ध सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय महामंत्री श्री बजरंग लाल बागड़ा जी ने पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की।


नॉर्थकैप यूनिवर्सिटी के पीछे स्थित HSVP/HUDA गार्डन में आयोजित इस महोत्सव में 5,000 से अधिक लोगों ने सहभागिता की। इस वर्ष कार्यक्रम की मुख्य थीम “राष्ट्र निर्माण में नशामुक्त समाज” रखी गई थी। आयोजन के माध्यम से समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने, युवाओं को नशे से दूर रखने तथा राष्ट्र निर्माण में सामाजिक सहभागिता बढ़ाने का संदेश दिया गया।


अपने उद्बोधन में श्री बजरंग लाल बागड़ा जी ने कहा कि विजयदशमी केवल रावण दहन का पर्व नहीं, बल्कि अपने भीतर और समाज में व्याप्त बुराइयों को समाप्त करने के संकल्प का अवसर है। आज नशे का रावण हमारे युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुँचा रहा है। सच्ची विजयदशमी तभी सार्थक होगी, जब समाज नशा, छल-कपट, अहंकार और अन्य सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए एकजुट होकर कार्य करेगा।


उन्होंने नशे के विरुद्ध कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों के योगदान को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण पुलिस प्रशासन, सामाजिक संगठनों, परिवारों और युवाओं के सामूहिक प्रयासों से ही संभव है।


इस अवसर पर जिन पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया, उनमें उपनिरीक्षक राजबीर सिंह, उपनिरीक्षक हरपाल, उपनिरीक्षक जगबीर सिंह, सहायक उपनिरीक्षक भूदेव, लोअर हेड कांस्टेबल राज बाला, सहायक उपनिरीक्षक राज कुमार, निरीक्षक सुमित, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र, निरीक्षक नरेंद्र एवं निरीक्षक सुधीर शामिल रहे।


कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री श्री राधेश्याम जी, प्रान्त मंत्री श्री यशवन्त शेखावत जी तथा श्री शक्ति मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी के सहयोग से महोत्सव में सांस्कृतिक परंपरा, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण का संदेश प्रभावी रूप से जनमानस तक पहुँचाया गया।


कार्यक्रम के दौरान मंदिर समिति के पदाधिकारी और विश्व हिन्दू परिषद के वरिष्ठ कार्यकर्ताओ ने विजय दशमी के अवसर पर शस्त्र पूजन किया गया


कार्यक्रम के अंतर्गत 51 फीट रावण दहन किया गया। आयोजन ने समाज को यह संदेश दिया कि बुराई पर अच्छाई की विजय का वास्तविक अर्थ अपने जीवन और सामाजिक व्यवस्था से बुराइयों को दूर करना है।


विश्व हिंदू परिषद, जिला गुरुग्राम ने समाज के सभी वर्गों से नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा युवाओं को स्वस्थ, संस्कारित और सकारात्मक जीवन की दिशा में प्रेरित करने का आह्वान किया।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال